इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार (31) को अहमदाबाद में खेला गया, जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से रौंदकर लगातार दूसरी बार खिताब जमाया। RCB की जीत के बाद जब अवॉर्ड्स सेरेमनी हुई, तब राजस्थान रॉयल्स (RR) के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने पूरी महफिल लूट ली। अवॉर्ड्स सेरेमनी के दौरान नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हर तरफ वैभव सूर्यवंशी का नाम गूंज रहा था। वैभव ने ऑरेंज कैप, मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) और इमर्जिंग प्लेयर समेत कुल 5 अवॉर्ड जीते।
15 साल के वैभव ने इस सीजन 16 मैचों में 48.50 की बेजोड़ औसत और 237.30 के धांसू स्ट्राइक रेट से कुल 776 रन बनाए। हालांकि उनके चमत्कारिक प्रदर्शन के बावजूद RR की टीम फाइनल तक नहीं पहुंच सकी। RR को क्वालिफायर 2 में गुजरात टाइटंस के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। वैभव की टीम भले ही खिताबी मुकाबले का सफर तय नहीं कर सकी लेकिन उन्होंने पूरे सीजन ऐसा धमाल मचाया कि अवॉर्ड्स की उन्हीं पर बारिश हुई।
यह भी पढ़ें: विनिंग रन बनाना... फाइनल में धोनी की तरह मैच फिनिश करने के बाद क्या बोले कोहली?
वैभव ने जीती कार
बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव को उनके धाकड़ स्ट्राइक रेट के लिए 'सुपर स्ट्राइक ऑफ द सीजन' के अवॉर्ड से नवाजा गया। उन्होंने इनाम में Tata Sierra कार भी जीती। इस अवॉर्ड के लिए उन्हीं बल्लेबाजों को शॉर्ट लिस्ट किया गया था, जिन्होंने कम से कम 7 मैच खेले और 100 गेंद का सामना किया। इस लिस्ट में वैभव (237.30) टॉप रहे। उनके बाद फिन एलन (214.11), प्रियांश आर्य (211.62) और अभिषेक शर्मा (204.72) का नंबर रहा।
वैभव को उनके यादगार प्रदर्शन के लिए 'इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन' चुना गया। इस अवॉर्ड के लिए उन्हीं खिलाड़ियों को शॉर्ट लिस्ट किया गया था, जिनका जन्म 1 अप्रैल 2000 के बाद हुआ हो, जिन्होंने इस सीजन से पहले 25 से कम IPL मैच खेले हों और जिन्होंने अब तक इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेला हो। इस अवॉर्ड को जीतने की रेस में प्रियांश आर्य और प्रिंस यादव जैसे खिलाड़ी भी इस रेस में थे लेकिन वैभव सबसे आगे निकल गए। उन्हें सबसे ज्यादा रन के लिए ऑरेंज कैप और सबसे ज्यादा छक्कों के लिए भी अवॉर्ड मिला।
यह भी पढ़ें: IPL फाइनल में बेईमानी पर उतरी RCB, चोरी पकड़े जाने पर अंपायर से भिड़े पाटीदार
सेरेमनी में वैभव ने IPL 2026 का MVP अवॉर्ड भी अपने नाम किया। यह किसी IPL सीजन का सबसे बड़ा व्यक्तिगत अवॉर्ड है। उन्होंने 436.5 पॉइंट्स के साथ सीजन का बेस्ट प्लेयर बनने की रेस में गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कैगिसो रबाडा को पछाड़ा। MVP के लिए वैभव को 15 लाख रुपये, जबकि बाकी अवॉर्ड्स के लिए 10-10 लाख रुपये मिले।
वैभव ने कौन-कौन से अवॉर्ड जीते और कितने रुपये मिले?
- MVP अवॉर्ड - 15 लाख रुपये
- इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन अवॉर्ड - 10 लाख रुपये
- ऑरेंज कैप - 10 लाख रुपये
- सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन अवॉर्ड - 10 लाख रुपये और कार
- सबसे ज्यादा छक्कों के लिए अवॉर्ड - 10 लाख रुपये