पंजाब किंग्स (PBKS) की विध्वंसक बल्लेबाजी क्रम रविवार (3 मई) को गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ ध्वस्त हो गई। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में अपने बल्लेबाजों के बूते जीत रही PBKS की टीम अहमदाबाद में GT के सामने बेबस नजर आई। टीम ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 47 रन के स्कोर तक 5 विकेट गंवा दिए। PBKS का 100 रन तक पहुंचना मुश्किल लग रहा था लेकिन सूर्यांश शेडगे ने तूफानी पारी खेल उसे सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया।
इस सीजन का अपना दूसरा ही मैच खेल रहे शेडगी अपनी पहली 14 गेंद पर 13 रन ही बना सके थे। इसके बाद उन्होंने अरशद खान पर छ्क्का जड़कर गियर बदला। अगले ओवर में मार्कस स्टोइनिस ने उन्हें जल्दी स्ट्राइक पर ले आए और शेडगे ने इसका भरपूर फायदा उठाया। शेडगे ने मानव सुधार को लगातार दो छक्के जड़े। इसके बाद उन्होंने लगातार दो चौके और फिर ओवर की समाप्ति छक्के के साथ की। शेडगे की आतिशी बल्लेबाजी से PBKS 100 के पार पहुंची।
यह भी पढ़ें: दोपहर के मैच में फिर हारी SRH, KKR ने लगाई जीत की हैट्रिक
शेडगे ने 24 गेंद में ठोकी फिफ्टी
शेडगे 22 गेंद में 48 रन तक पहुंच गए थे। उन्होंने राशिद खान के खिलाफ 15वें ओवर में दो सिंगल लेकर अपने IPL करियर का पहला अर्धशतक पूरा किया। फिफ्टी जड़ने के बाद शेडगे ने कैगिसो रबाडा जैसे गेंदबाज को छक्के के लिए भेजा। हालांकि रबाडा ने जल्द ही वापसी की और ओवर की आखिरी गेंद पर उन्हें चलता कर GT को राहत दिलाई। शेडगे 29 गेंद में 3 चौके और 5 छक्कों की मदद से 57 रन बनाकर आउट हुए। उनका विकेट 126 के स्कोर पर गिरा।
शेडगे के पवेलियन लौटने के बाद स्टोइनिस और मार्को यानसन ने बड़े शॉट खेलकर PBKS को 163 रन के स्कोर तक पहुंचाया। IPL में 50 रन के अंदर 5 विकेट खोने के बाद किसी टीम का यह तीसरा सबसे बड़ा स्कोर रहा।
यह भी पढ़ें: IPL की छवि खराब नहीं होने देंगे... वेपिंग कांड पर नरम नहीं पड़ा BCCI, फंस गई RR
कौन हैं सूर्यांश शेडगे?
23 साल के सूर्यांश शेडगे घरेलू क्रिकेट में मुंबई के लिए खेलते हैं। शेडगे लोअर ऑर्डर में विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। साथ ही वह मीडियम गति के उपयोगी तेज गेंदबाज हैं। उन्हें IPL में पहला मौका 2023 में मिला था। लखनऊ सुपर जायंट्स ने जयदेव उनादकट के इंजरी रिप्लेसमेंट के रूप में उन्हें साइन किया था। हालांकि उस सीजन शेडगे को खेलने का मौका नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024 में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से IPL टीमों का ध्यान खींचा।
PBKS ने IPL 2025 मेगा ऑक्शन में इस युवा खिलाड़ी पर दांव लगाया और 30 लाख रुपये में उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया। शेडगे को IPL 2025 में 5 मैचों में मौका मिला, जिसमें 3 बार उनकी बल्लेबाजी की बारी आई लेकिन वह कुछ खास कमाल नहीं कर सके। इस बार उन्होंने मौके का पूरा फायदा उठाते हुए अपनी छाप छोड़ दी है।