इंडियन प्रीमियर लीग (
IPL
) के अगले सीजन के लिए प्लेयर ऑक्शन 16 दिसंबर को गोवा में होना है। इससे पहले टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने बड़ा बयान दिया है। पठान ने कहा है कि चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी IPL 2027 की नीलामी के दौरान टीम मैनेजमेंट के साथ बोली लगाने की ऑक्शन टेबल पर नजर नहीं आएंगे। उनका मानना है कि धोनी मेंटोर के रूप में खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करने और अपने अनुभव से उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
इस महीने की शुरुआत में धोनी के IPL करियर के समापन के साथ ही उन्हें CSK का मेंटोर नियुक्त किया गया था। धोनी ने 2008 से 2026 के बीच IPL के 19 में से 17 सीजन CSK के लिए खेला। उन्होंने अपनी कप्तानी में CSK को पांच बार IPL चैंपियन बनाया। साथ ही दो चैंपियंस लीग का खिताब दिलाया।
पठान ने जियोस्टार पर कहा, 'मैं जितना धोनी को जनता हूं, मुझे नहीं लगता कि वह ऑक्शन टेबल पर बैठेंगे। वह मेंटोर हैं और ऑक्शन में बैठना उनकी भूमिका नहीं है। उनका काम खिलाड़ियों को सही दिशा दिखाना, अपना अनुभव साझा करना, उनके प्रदर्शन को बेहतर बनाने में मदद करना और उन्हें CSK के लिए मैच जीतना सिखाना है। बोली लगाने और ऑक्शन से जुड़े फैसले टीम मैनेजमेंट पर छोड़ दिए जाएंगे।'
यह भी पढ़ें: सैयद मोदी टूर्नामेंट से बड़े नाम गायब, त्रिसा-गायत्री लगाएंगी खिताबी हैट्रिक?
धोनी पर्दे के पीछे से काम करेंगे - पठान
पठान ने धोनी के पांच IPL खिताबों का जिक्र करते हुए कहा, 'धोनी चीजों को सरल रखना पसंद करते हैं और जिन लोगों को अपना काम अच्छी तरह आता है, उन्हें उनकी जिम्मेदारी निभाने देते हैं। CSK मैनेजमेंट और उसकी रणनीतिक टीम काफी मजबूत है। उसने सालों से खिताब जीतने वाली टीमें बनाई हैं और धोनी ने हमेशा उन पर पूरा भरोसा किया है।'
यह भी पढ़ें: UAE को हल्के में नहीं लेना... पाक से हार के बाद टीम इंडिया को रहना होगा सतर्क
पठान ने कहा कि धोनी कभी सुर्खियों में रहने या मैदान के बाहर लिए गए फैसलों का क्रेडिट नहीं लेते हैं। वह अपनी नई भूमिका में भी पर्दे के पीछे रहकर काम करना पसंद करेंगे। पठान ने कहा, 'इसलिए अगर धोनी CSK के ऑक्शन टेबल पर बैठे दिखाई देते हैं तो मुझे हैरानी होगी। मेंटोर के तौर पर वह अपने तरीके से टीम से जुड़े रहेंगे और उनका काम पर्दे के पीछे होगा।'