इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का आगामी सीजन शुरू होने से पहले वैभव सूर्यवंशी सुर्खियों में बने हुए हैं। शुक्रवार (27 मार्च) को 15 साल के होने जा रहे इस युवा सनसनी को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। इरफान पठान समेत कुछ पूर्व क्रिकेटरों का कहना है कि वैभव के लिए IPL 2026 असली चुनौती लेकर आ रहा है। इरफान के मुताबिक, वैभव के खिलाफ गेंदबाज पूरी तैयारी के साथ आएंगे। ऐसे में इस बाएं हाथ के बल्लेबाज के लिए आगामी सीजन आसान नहीं रहने वाला है।
कुछ दिग्गजों का मानना है कि वैभव लगातार दूसरे सीजन में भी गेंदबाजों के छक्के छुड़ाएंगे। इस बीच जितेश शर्मा ने उनके प्रोफेशनलिज्म को लेकर बड़ा बयान दिया है। RCB के विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश ने साउथ अफ्रीकी दिग्गज एबी डिविलियर्स के साथ बातचीत में कहा है कि वैभव बिल्कुल भी प्रोफेशनल नहीं हैं।
यह भी पढ़ें: आकिब नबी से अशोक शर्मा तक... IPL 2026 में कहर बरपा सकते हैं ये 5 अनकैप्ड पेसर
'वर्ल्ड क्रिकेट पर राज करेगा लेकिन...'
डिविलियर्स ने जितेश से पूछा कि आप किसी एक खिलाड़ी का नाम बताएं, जिसमें एक मिलियन डॉलर इन्वेस्ट करना चाहेंगे। इसके जवाब में जितेश ने कहा, 'फिलहाल तो वैभव सूर्यवंशी। वह वर्ल्ड क्रिकेट पर राज कर सकता है। उसके पास गजब का टैलेंट है और उसका स्कील सेट बेहतरीन है।' जितेश ने वैभव को अगला सुपरस्टार बताया लेकिन उन्हें यह भी कहा कि वह प्रोफेशनल नहीं हैं। वैभव पिछले साल राइजिंग स्टार्स एशिया कप के दौरान जितेश की ही कप्तानी में इंडिया-ए के लिए खेले थे।
यह भी पढ़ें: काव्या मारन को 30 लाख में मिला राशिद खान जैसा स्पिनर, IPL 2026 में दिखेगा जलवा
'रात में आईसक्रीम खाते हैं वैभव'
जितेश ने वैभव के प्रोफेशनलिज्म पर सवाल उठाए, तो वहीं डिविलियर्स ने इस युवा खिलाड़ी की जमकर तारीफ की। डिविलियर्स ने कहा, 'वह बेहतरीन खिलाड़ी है। मैंने उसे अंडर-19 में देखा है। IPL और बड़े लेवल पर हमेशा एक जैसा प्रदर्शन करना आसान नहीं होता। जिस तरह से उसने वर्ल्ड कप में खेला, उससे मैं बहुत प्रभावित हुआ। वह अपनी उम्र के हिसाब से बहुत परिपक्व है और बहुत ही प्रोफेशनल है।'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं उसके खेलने के तरीके की बात कर रहा हूं। उसने अपने गेम प्लान पर कायम रहते हुए खेला। IPL में जैसा खेला था, वैसा ही यहां भी खेला। कुछ अलग बनने की कोशिश नहीं की। गेंदबाजों के खिलाफ घमंड नहीं दिखाया। समय के साथ वह प्रोफेशनल भी बन जाएगा।'
डिविलियर्स के इतना कहते ही जितेश बोले, 'वह (वैभव) प्रोफेशनल नहीं हैं। मैं आपको यह बता सकता हूं। हर कोई उसे प्रोफेशनल बनाने की कोशिश कर रहा है लेकिन मुझे नहीं लगता कि वह कभी प्रोफेशनल बन पाएगा। हो सकता है मैदान पर बन जाए लेकिन मैदान के बाहर नहीं। मैं उसे रात में आइसक्रीम न खाने के लिए कहा लेकिन उसने मेरी नहीं सुनी।'