logo

मूड

ट्रेंडिंग:

IND vs AFG: ईशान किशन ने ODI में पूरे किए 1000 रन, बाल-बाल बचा धोनी का रिकॉर्ड

भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 1000 रन का आंकड़ा पार कर लिया है। ईशान ने अफगानिस्तान के खिलाफ लखनऊ वनडे में 125 रन की पारी के दौरान यह मुकाम हासिल किया।

Ishan Kishan Century

ईशान किशन, Photo Credit: BCCI/X

अफगानिस्तान के खिलाफ लखनऊ में खेले जा रहे दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने 79 गेंद में 125 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें 14 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। ईशान ने इस आतिशी पारी के दौरान वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 1000 रन पूरे किए। इस मुकाम तक पहुंचने वाले वह छठे सबसे तेज भारतीय बल्लेबाज बने। उन्होंने हजार ODI रन के आंकड़े को छूने लिए 966 गेंद का सामना किया। 

 

हार्दिक पंड्या टीम इंडिया के लिए सबसे तेज 1000 वनडे रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 877 गेंद में यह कारनामा किया था। हार्दिक के बाद इस लिस्ट में केदार जाधव (936 गेंद), वर्ल्ड चैंपियन कप्तान कपिल देव (954 गेंद) और मौजूदा कप्तान शुभमन गिल (954 गेंद) का नाम है। पूर्व कप्तान और महान विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी ने यहां तक पहुंचने के लिए 955 गेंद ली थी।

 

यह भी पढ़ें: जीरो पर मिला जीवनदान... फिर भी फ्लॉप हुए वैभव सूर्यवंशी, ट्राई सीरीज ने खोली पोल

 

धोनी का रिकॉर्ड बाल-बाल बचा 

ईशान को 1000 वनडे रन का आंकड़ा छूने के लिए 33 रन की जरूरत थी। उन्होंने लखनऊ में अपनी 31वीं गेंद पर चौका जड़कर इस मुकाम को हासिल किया। अगर ईशान शुरू में थोड़ा और आक्रामक होकर खेले होते तो धोनी को पछाड़ सबसे तेज हजार वनडे रन बनाने वाले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बन जाते।

भारत के लिए ODI में सबसे तेज 1000 रन

  • हार्दिक पंड्या - 857 गेंद
  • केदार जाधव - 936 गेंद
  • कपिल देव - 954 गेंद
  • शुभमन गिल - 954 गेंद
  • एमएस धोनी - 955 गेंद
  • ईशान किशन - 966 गेंद

ईशान-गिल की आतिशी सेंचुरी

भारतीय वनडे टीम में लंबे समय बाद वापसी कर रहे ईशान ने 52 गेंद में फिफ्टी लगाया। इसके बाद उन्होंने आक्रामक रुख अपनाया और 50 से 100 रन के बीच की दूरी महज 19 गेंद में तय कर दी। यानी ईशान ने 71 गेंद में अपनी सेंचुरी पूरी की। ईशान का यह दूसरा वनडे शतक रहा। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ दिसंबर 2022 में 210 रन की विस्फोटक पारी खेली। इसके बाद उनकी यह पहली ODI सेंचुरी है। 

 

ईशान से पहले शुभमन गिल ने 77 गेंद में अपना शतक पूरा किया। शुभमन के बाद ईशान ने 71 गेंद में अपना शतक पूरा किया और एक बड़ा रिकॉर्ड बना। भारतीय क्रिकेट के इतिहास में पहली बार एक ही वनडे मैच में दो बल्लेबाजों ने 80 से कम गेंदों में शतक जड़े। ईशान 125 रन बनाकर आउट हुए। वहीं गिल ने 154 रन की पारी खेली, जिससे भारत ने 402 रन का स्कोर खड़ा किया है।

 

यह भी पढ़ें: FIFA वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल, हैट्रिक के बाद कहां खड़े हैं लियोनेल मेसी?

दोनों टीमों की प्लेइंग-XI:

भारत - रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, गुरनूर बराड़, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव

 

अफगानिस्तान - रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), दरविश रसूली, राशिद खान, नांगेयाला खरोटे, एएम गजनफर, मोहम्मद सलीम, बिलाल सामी


और पढ़ें