इटली की क्रिकेट टीम ने पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालिफाई कर इतिहास रच दिया था। उसने यूरोप रीजन क्वालिफायर में दूसरा स्थान हासिल करते हुए टी20 वर्ल्ड कप का टिकट कटाया था। इसके बाद इटली की टीम ने भारत के ईडन गार्डंस और वानखेड़े स्टेडियम जैसे ऐतिहासिक मैदानों पर अपने टी20 वर्ल्ड कप के मुकाबले खेले। वह ग्रुप C में वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, नेपाल और स्कॉटलैंड के साथ थी।
इटली की टीम ने ग्रुप मकाबले में इंग्लैंड को कड़ी टक्कर दी थी। उसने 105 रन पर आधी इंग्लिश टीम समेट दी थी। लग रहा था कि वह उलटफेर कर देगी लेकिन विल जैक्स (22 गेंद में नाबाद 53 रन) ने आक्रामक अर्धशतक ठोक इंग्लैंड को 202 रन तक पहुंचा दिया। इस बड़े स्कोर के दबाव में इटली की टीम बिखरी नहीं और उसने 18 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 173 रन बना अंग्रेजों के होश उड़ा दिए। अब उसे 2 ओवर में 30 रन बनाने थे। ग्रांट स्टीवर्ट 20 गेंद में 44 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। मुकाबला बराबरी पर था।
सैम करन ने 19वें ओवर में स्टीवर्ट को आउट कर इंग्लैंड को राहत दिलाई। इटैलियन टीम यह मैच भले ही 24 रन से हार गई लेकिन उसने बता दिया कि उसकी टीम में कितना दम है। इटली ने इसके बाद नेपाल को एकतरफा अंदाज में 10 विकेट से रौंदकर टी20 वर्ल्ड कप में अपनी पहली जीत हासिल की। उसने अपने ग्रुप में 2 पॉइंट्स के साथ चौथे स्थान पर फिनिश किया। वह ग्रुप स्टेज से बाहर हो गई लेकिन उसने अपने पहले ग्लोबल ICC इवेंट में सभी को प्रभावित किया। अब इटली की टीम ODI डेब्यू करने जा रही है।
यह भी पढ़ें: मानव सुथार के सामने श्रीलंका ने टेके घुटने, भारत ने 165 रन से जीता गॉल टेस्ट
इटली को कैसे मिला ODI स्टेटस?
इटली की टीम इस साल के अंत में पहली बार ऑफशियल मेंस वनडे इंटरनेशनल मुकाबला खेलेगी। उसने तंजानिया में खेले गए ICC चैलेंज लीग B ग्रुप में टॉप-2 में फिनिश कर टेंपरेरी ODI हासिल कर लिया है। दरअसल, इटली ने युगांडा के साथ ICC क्रिकेट वर्ल्ड कप क्वालिफायर प्लेऑफ में जगह बना ली है। क्वालिफायर प्लेऑफ को ODI का दर्जा हासिल है, जिससे इटली और युगांडा को टेंपरेरी ODI स्टेटस मिल गया है। इस टूर्नामेंट के दौरान इटली की टीम जो भी मैच खेलेगी, उसे ऑफिशियल ODI मैच के रूप में मान्यता मिलेगी।
इटली ने चैलेंज लीग में हॉन्ग कॉन्ग को 6 विकेट से हराकर अपने साथ-साथ युगांडा को भी क्वालिफायर प्लेऑफ में पहुंचाया। छह टीमों वाले ग्रुप में इंटली, युगांडा और हॉन्ग कॉन्ग के अलावा मेजबान तंजानिया, बहरीन और सिंगापुर की भी टीमें थीं। इटली ने जैसे ही हॉन्ग कॉन्ग को हराया, टॉप-2 में इस यूरोपियन टीम और युगांडा की जगह पक्की हो गई है। ग्रुप में हॉन्ग कॉन्ग ही इकलौती ऐसी टीम थी जो टॉप-2 में जगह बनाने की चुनौती पेश कर सकती थी।
यह भी पढ़ें: जडेजा का रिप्लेसमेंट माने जा रहे मानव सुथार, कुलदीप के लिए खतरा कैसे बन गए हैं?
क्वालिफायर प्लेऑफ में कौन-कौन सी टीमें हैं?
ICC क्वालिफायर प्लेऑफ में इटली और युगांडा के अलावा 6 और टीमें हिस्सा लेंगी। ICC क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 की सबसे निचली चार टीमें (फिलहाल नामीबिया, कनाडा, नेपाल और संयुक्त अरब अमीरात) और चैलेंज लीग A ग्रुप की टॉप-2 टीमें (फिलहाल जर्सी और कुवैत) भी क्वालिफायर प्लेऑफ खेलेंगी। इस टूर्नामेंट की टॉप-4 टीमें 2027 ODI वर्ल्ड कप के अगले क्वालिफायर राउंड में पहुंचेंगी।