न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से पहले इंग्लैंड क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के नियमित कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन को चयन के लिए उपलब्ध नहीं माना गया है। दोनों खिलाड़ियों पर टीम के अनुशासन नियमों के उल्लंघन का आरोप है। इसी के चलते इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने अनुभवी बल्लेबाज जो रूट को दूसरे टेस्ट के लिए अंतरिम कप्तान नियुक्त किया है।
इंग्लैंड और न्यूजीलैंड बीच दूसरा टेस्ट 17 जून से द ओवल मैदान पर खेला जाएगा। चर्चा यह हो रही है कि उपकप्तान हैरी ब्रूक के होते हुए भी कप्तानी की जिम्मेदारी जो रूट को दी गई है। रूट पहले भी 2017 से 2022 तक इंग्लैंड की टेस्ट टीम की कप्तानी कर चुके हैं और उनके नेतृत्व में टीम ने 64 टेस्ट मैच खेले हैं।
यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलियन ओपन बैडमिंटन: सिंधु का विजयी आगाज, तन्वी शर्मा ने किया उलटफेर
बेन स्टोक्स से कप्तानी क्यों छीनी?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूरा विवाद लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड की जीत के बाद सामने आया। रिपोर्ट्स के अनुसार, बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन सोमवार तड़के लंदन के एक नाइटक्लब में एक विवाद में शामिल पाए गए। इस घटना में एक रग्बी खिलाड़ी और इंग्लैंड टीम के सुरक्षा स्टाफ का सदस्य भी शामिल था। झड़प में सुरक्षा कर्मी घायल हो गया और उसे टांके लगवाने पड़े। इसके बाद ECB ने दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी और बताया कि उन्होंने टीम द्वारा तय की गई आधी रात की कर्फ्यू नियम का उल्लंघन किया है।
क्यों चुने गए जो रूट कप्तान?
हालांकि उपकप्तान हैरी ब्रूक कप्तानी के स्वाभाविक दावेदार थे लेकिन उनके पिछले अनुशासन संबंधी मामलों को देखते हुए ECB ने अनुभवी जो रूट को जिम्मेदारी सौंपी। रूट को टीम का सबसे भरोसेमंद और अनुभवी खिलाड़ी माना जाता है, जिनके पास लंबे समय तक कप्तानी करने का अनुभव है। स्टोक्स और एटकिंसन की जगह जॉर्डन कॉक्स और जोफ्रा आर्चर को टीम में शामिल किया गया है। आर्चर की वापसी से गेंदबाजी आक्रमण मजबूत होने की उम्मीद है। वहीं जेम्स रियू और रेहान अहमद जैसे युवा खिलाड़ियों को भी अंतिम एकादश में जगह मिलने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान की टीम से बाबर की छुट्टी... आगा-अफरीदी भी हुए बाहर, फरहान को मिली कमान
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड टीम
रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सोनी बेकर, शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, जॉर्डन कॉक्स, बेन डकेट, मैथ्यू फिशर, एमिलियो गे, जेम्स रेव, ओली रॉबिन्सन, जो रूट (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेट कीपर), जोश टंग।