भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट के पहले दिन (15 अगस्त) बेहतरीन बल्लेबाजी की। उन्होंने टी-ब्रेक तक 77 रन बना लिए थे। हालांकि वह आखिरी सेशन में बल्लेबाजी के लिए नहीं उतर सके। वह साथी बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल के साथ क्रीज पर आ गए थे लेकिन बार-बार क्रैम्प आने की वजह से उन्हें बाहर जाना पड़ा। राहुल के दाहिने हाथ में दर्द और खिंचाव था। श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने उनके हाथ को स्ट्रेच करने में मदद भी की लेकिन दर्द कम नहीं हुआ।।
राहुल के बाएं हाथ की उंगलियों में भी ऐंठन होने लगी। हाथ के अलावा उनके पैरों में भी गंभीर क्रैम्प्स आ गए, जिससे वह फिजियो के सहारे लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर गए। उनके रिटायर हर्ट होने के बाद कप्तान
शुभमन गिल
क्रीज उतरे। गिल ने 28 गेंद में 16 रन बनाए। गिल के आउट होने के
ऋषभ पंत
को बल्लेबाजी के लिए भेजा गया। भारतीय टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने बताया कि राहुल दिन के अंत तक ठीक हो गए थे। उन्होंने कहा कि दूसरे दिन मौका आने पर राहुल बल्लेबाजी के लिए आ सकते हैं। पहले दिन की समाप्ति तक भारत का ने 2 विकेट के नुकसान पर 288 रन बनाए। पडिक्कल 131, जबकि पंत 27 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। बारिश के कारण दूसरे दिन का खेल शुरू होने में देरी हो रही है।
यह भी पढ़ें: हॉकी वर्ल्ड कप में भारत का विजयी आगाज, पाकिस्तान से कब होगी भिड़ंत?
'राहुल बिल्कुल ठीक'
कोटक ने बताया कि राहुल को मांसपेशियों में खिंचाव हो रहा था और वह ठीक हो गए हैं। उन्होंने कहा, 'केएल ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की। मुझे लगता है कि उसे सिर्फ मांसपेशियों में खिंचाव हो रहा था। दिन के अंत तक वह ठीक था। जब आपको खिंचाव होने लगता है तो यह हैमस्ट्रिंग, ग्रोइन या हाथ में भी हो सकता है लेकिन इस समय में वह बिल्कुल ठीक दिख रहा है। इसलिए उम्मीद है कि वह कल खेलने के लिए पूरी तरह से तैयार होगा।'
यह भी पढ़ें: UP टी20 लीग ने दिए हैं आधा दर्जन IPL खिलाड़ी, विशाल निषाद तक की चमकी किसमत
राहुल की बैटिंग पर क्या बोले कोटक?
कोटक ने राहुल के लचीलेपन की तारीफ करते हुए कहा कि वह वनडे क्रिकेट में लोअर ऑर्डर में उतरते हैं, जबकि टेस्ट में वह ओपनिंग करते हैं, जो उन्हें बेहद उपयोगी खिलाड़ी बनाता है। बैटिंग कोच ने कहा, 'वह टीम के लिए बहुत उपयोगी खिलाड़ी हैं। रेड बॉल क्रिकेट में वह पारी का आगाज करते हैं और वनडे में जहां जरूरत होती है, वहां बल्लेबाजी करते हैं। जिस तरह वह अभी बल्लेबाजी कर रहे हैं, वह काफी जिम्मेदारी ले रहे हैं, साझेदारियां बनाने की कोशिश कर रहे हैं और यह बहुत अच्छी बात है। वह लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं।'
गॉल की पिच पहले दिन बल्लेबाजी के लिए मुफीद दिखी। कोटक का मानना है कि खेल आगे बढ़ने के साथ पिच स्पिनरों के लिए मददगार होगी। उन्होंने कहा कि पिच थोड़ी सूखी है और फिलहाल बल्लेबाजी के लिए अच्छी है। कोटक ने माना कि अभी सिर्फ एक दिन का खेल हुआ है और टीम इंडिया को लंबा रास्ता तय करना बाकी है।