भारतीय टीम के अनुभवी सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट में 290 गेंद में 136 रन की बेहतरीन शतकीय पारी खेली। इस शतक के साथ ही वह SENA (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में टेस्ट सेंचुरी लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर बने। उनकी पारी की बदौलत टीम इंडिया ने तीसरे दिन (21 नवंबर) का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में 4 विकेट खोकर 486 रन बना लिए हैं।
मेहमान टीम के पास 118 रन की बढ़त हो चुकी है। दिन का खेल खत्म होने के बाद राहुल ने बताया कि उनके करियर के मुश्किल दौर में भी तकनीक कभी समस्या नहीं थी। बस उन्होंने सही अप्रोच अपनाया और हर गेंद पर खेलने से बचने के कारण उन्हें सफलता मिल रही है।
यह भी पढ़ें: वेलिंग्टन टेस्ट में भारत का दबदबा, राहुल चमके; कीवी गेंदबाज दिखे बेबस
बल्ला अड़ाने की पड़ गई थी आदत - राहुल
राहुल का बल्लेबाजी क्रम में कोई स्थान पक्का नहीं रहा। कभी उन्हें मिडिल ऑर्डर में खेलना पड़ा तो कभी पारी की शुरुआत करनी पड़ी। उन्होंने स्वीकार किया कि मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करते समय उन्हें लगभग हर गेंद पर बल्ला अड़ाने की आदत पड़ गई थी, जो तेज गेंदबाजों के लिए अनुकूल परिस्थितियों में नुकसानदायक साबित हो सकती है।
राहुल ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद पत्रकारों से कहा, 'तकनीक कभी कोई मुद्दा नहीं रही। 15 महीने तक मिडिल ऑर्डर में खेलते हुए मुझे प्रत्येक गेंद पर बल्ला अड़ाने की आदत पड़ गई थी। तेज गेंदबाजों के लिए अनुकूल परिस्थितियों में बल्ले और गेंद के बीच कम संपर्क रखना सबसे अच्छा तरीका हो सकता है।'
यह भी पढ़ें: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में भारत की शानदार जीत, 26 रन पर सिमटा नेपाल
'नेट्स में समय बिताने से पता चला कैसा गार्ड लेना है'
यह शतक राहुल के लिए खास महत्व रखता है, क्योंकि वह उन चुनिंदा भारतीय बल्लेबाजों में शामिल हो गए है, जिन्होंने चारों SENA देशों में टेस्ट शतक बनाए हैं। राहुल ने कहा, 'इस तरह की उपलब्धि हासिल करके बहुत अच्छा लगता है। मैं करीब तीन सप्ताह से यहां हूं और इंडिया-ए की तरफ से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया था लेकिन मैंने नेट्स पर काफी समय बिताया। जब आप कड़ी मेहनत करते हैं, तो उसका परिणाम प्रदर्शन में दिखाई देता है।'
राहुल ने परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाने पर ध्यान दिया और न्यूजीलैंड में सफल होने वाले खिलाड़ियों के वीडियो भी देखे। उन्होंने कहा, 'जब मैं नेट्स पर अभ्यास के लिए गया तो मेरा ध्यान किसी खास चीज पर नहीं था। मैंने बस बहुत सारी गेंदें खेलीं ताकि यह समझ सकूं कि सफल होने के लिए मुझे किस तरह का गार्ड लेना है और कैसी पोजीशन अपनानी चाहिए। मैंने उन खिलाड़ियों के वीडियो भी देखे जिन्होंने पहले न्यूजीलैंड में रन बनाए थे।'
यह भी पढ़ें: SMAT 2026: बिहार ने दिल्ली को दी मात, जानें कैसा रहा बाकी टीमों का प्रदर्शन
पिच को लेकर क्या बोले राहुल?
राहुल ने कहा कि वेलिंगटन की पिच स्पिनरों को मदद पहुंचा रही है। गेंदें नीची रहने लगी हैं और पिच खुरदुरी बनती जा रही है। उन्होंने कहा, 'गेंद नीची रहेगी और पिच पर कुछ खुरदुरे पैच बन रहे हैं। खेल आगे बढ़ने के साथ यह बड़े हो सकते हैं। हम उम्मीद करेंगे कि पिच और खराब हो लेकिन तब नहीं जब हम बल्लेबाजी कर रहे हों।'
राहुल ने अपने सलामी जोड़ीदार
यशस्वी जायसवाल
की भी प्रशंसा की, जिनके साथ उन्होंने 130 रन की साझेदारी की। उन्होंने कहा, 'जायसवाल काफी मेहनत करता है। आक्रामक बल्लेबाज बनने के लिए उसने बहुत मेहनत की है। यह संयोग से नहीं होता। मैदान के बाहर भी हमारे बीच अच्छे संबंध हैं, जिससे हमें खेलते समय मदद मिलती है।'