भारतीय ग्रीको-रोमन पहलवान ललित सहरावत को वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप के ब्रॉन्ज मेडल मैच में एकतरफा हार का सामना करना पड़ा है। एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप के सिल्वर मेडलिस्ट ललित इस हार के साथ वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में मेडल जीतने का मौका गंवा बैठे। ब्रॉन्ज मेडल के मुकाबले में ललित का सामना कजाकिस्तान के इस्खार कुर्बायेव से था। कुर्बायेव ने तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर जीत दर्ज की।
कुर्बायेव ने पहले चार पॉइंट हासिल करने वाला दांव लगाया और फिर 'लिफ्ट' से मुकाबले को कुछ ही समय में समाप्त कर दिया। ललित ने अमेरिका के मैक्स एमिलियानो नोवरी को 7-0 हराकर ब्रॉन्ज मेडल के मैच में जगह बनाई थी। बता दें कि संदीप तुलसी यादव एकमात्र भारतीय हैं, जिन्होंने 2013 में वर्ल्ड चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।
यह भी पढ़ें - फ्रेंच ओपन: पीवी सिंधु खिताब से चूकीं, फाइनल में साउथ कोरिया की खिलाड़ी से हारीं
भारत के लिए निराशाजनक रहा दिन
भारत के अन्य पहलवानों के लिए भी रविवार का दिन निराशाजनक रहा। एशियन गेम्स के सिल्वर मेडलिस्ट नितेश सिवाच, करणजीत और जोगिंदार राठी पहले राउंड में ही हार गए। सिवाच को 97 किलोग्राम वर्ग में जर्मनी के एंटोन व्यूएग से हार झेलनी पड़ी। एंटोन व्यूएग ने तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर जीत हासिल की।
यह भी पढ़ें: भारत-पाकिस्तान मैच की तारीख का ऐलान, कतर में होगा एशिया कप राइजिंग स्टार्स
करणजीत (72 किलोग्राम) क्वालिफाइंग मुकाबले में जापान के रिनतारो सोगबे से 2-3 से हारे। करणजीत अच्छी स्थिति में थे लेकिन वह फायदा नहीं उठा पाए। वहीं सोगबे ने जवाबी हमला करके पॉइंट बनाकर भारतीय खिलाड़ी को पछाड़ दिया। जोगिंदर राठी को 130 किलोग्राम वर्ग में तुर्किए के पहलवान और मौजूदा यूरोपीय चैंपियन रिजा कायाल्प ने करारी शिकस्त दी।