लंका प्रीमियर लीग (LPL) 2026 का फाइनल मुकाबला गॉल गैलेंट्स और जाफना किंग्स के बीच शनिवार (8 अगस्त) को खेला गया। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गॉल गैलेंट्स ने पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान की मालिकाना हक वाली जाफना किंग्स को 5 विकेट से हराकर पहली बार खिताब पर कब्जा जमाया।
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी जाफना किंग्स की टीम चरिथ असलंका और ईशान मलिंगा की धारदार गेंदबाजी के सामने महज 123 रन पर ही सिमट गई। गॉल गैलेंट्स ने इस टारगेट को 15.5 ओवर में 5 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। गॉल गैलेंट्स की ओर से थॉमस रॉजर्स ने 34, जबकि दिनुरा कलुपहाना ने 31 रन बनाए। कप्तान दसुन शनाका ने सिर्फ 9 गेंद में नाबाद 20 रन जड़े।
यह भी पढ़ें: पहले वनडे और टी20I, अब टेस्ट में भी कैसे पिछड़ रहे हैं कुलदीप?
असलंका-मलिंगा की कातिलाना गेंदबाजी
चौथे LPL खिताब की तलाश में उतरी जाफना किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही थी। उसने पावरप्ले के अंदर ही अविष्का फर्नांडो (20) और ख्वाजा नफे (0) के विकेट गंवा दिए। पावरप्ले की समाप्ति के बाद उसका हाल और भी बुरा रहा। 68 रन तक पहुंचते-पहुंचते उसकी आधी टीम सिमट गई। कामिल मिशारा (41) ने एक छोर पर खड़े रहकर उसे संभालने की कोशिश की लेकिन वह भी 13वें ओवर की आखिरी गेंद पर मलिंगा का शिकार बन गए। इसके बाद बांग्लादेशी दिग्गज शाकिब अल हसन भी चलते बने, जिससे जाफना किंग्स का स्कोर 106/7 हो गया था।
चमिंदु विक्रमसिंघे ने आठवें नंबर पर आकर 16 गेंद में 24 रन बनाकर जाफना किंग्स को सम्मानजनक टोटल तक पहुंचाया लेकिन यह नाकाफी साबित हुआ। असलंका ने 4 ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट लिए। मलिंगा ने 25 रन देकर 3 विकेट झटके। थरिंदु रत्नायके के खाते में 2 विकेट रहे। आकिफ जावेद और सचिंदु कोलम्बेज ने 1-1 विकेट चटकाए।
यह भी पढ़ें: जिस डर से बुमराह को नहीं बनाया टेस्ट कप्तान, उसी का शिकार बन रहे हैं शुभमन गिल
आसानी से जीती गॉल गैलेंट्स
छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी गॉल गैलेंट्स ने पहले ही ओवर में सैम हार्पर (1) का विकेट गंवा दिया। उन्हें मोहम्मद शिराज ने पवेलियन भेजा। अगले ओवर में असलंका को ट्रैविन मैथ्यू ने चलता कर गॉल गैलेंट्स का स्कोर 10/2 कर दिया। जाफना किंग्स की टीम मुकाबले में वापस आ चुकी थी और लग रहा था कि वह 123 रन को भी डिफेंड कर लेगी लेकिन रोजर्स और कलुपहाना ने तीसरे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी कर उसके आरमानों पर पानी फेर दिया। अंत में कप्तान शनाका ने 2 चौके और 1 छक्का उड़ाते हुए 222.22 के स्ट्राइक रेट से 20 रन ठोक गॉल गैलेंट्स को 25 गेंद शेष रहते लक्ष्य तक पहुंचा दिया। जाफना किंग्स के लिए मैथ्यू और शाकिब ने 2-2 विकेट लिए।