फीफा वर्ल्डकप 2026 के खिताबी मुकाबले में स्पेन ने डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना को एक्स्ट्रा टाइम में 1-0 से हरा दिया। न्यूयॉर्क के मेटलाइफ स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक फाइनल में स्पेन दूसरी बार विश्व चैंपियन बना दिया और
फीफा वर्ल्ड कप
में जीत का सपना देख रहे स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेसी भावुक नजर आए। सोशल मीडिया पर उनकी कुछ तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं जिसमें उनकी आंखों में आंसू भी दिखाई दे रहे हैं। उनके फैंस के बीच लियोनेल मेसी की रिटायर्मेंट को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं और इसको लेकर अलग-अलग तरह के दावे किए जा रहे हैं।
फीफा वर्ल्ड कप में मिली इस हार के बाद अब लियोनेल मेसी की रिटायर्मेंट को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। 10 साल पहले साल 2016 में इसी मैदान पर लियोनेल मेसी के आंसू बहे थे और उन्होंने भारी मन से इंटरनेशनल फुटबॉल को अलविदा कह दिया था। अब ठीक एक दशक बाद इसी मैदान पर एक बार फिर लियोनेल मेसी का दिल टूट गया है।
यह भी पढ़ें: FIFA वर्ल्ड कप: स्पेन फुटबॉल का बादशाह, अर्जेंटीना की हार, रो पड़े मेसी
10 साल पहले ली थी रिटायर्मेंट
साल 2016 में कोपा अमेरिका फाइनल में चिली से हार और पेनल्टी मिस करने के बाद मेसी ने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया था। उस समय उन्होंने कहा था कि राष्ट्रीय टीम के साथ उनका सफर खत्म हो गया है। हालांकि, पूरे अर्जेंटीना में उनके समर्थन में अभियान चला और कुछ ही सप्ताह बाद उन्होंने अपना फैसला वापस ले लिया। इसके बाद मेसी ने टीम में वापसी की और आगे चलकर कोपा अमेरिका तथा विश्व कप जैसे बड़े खिताब भी अर्जेंटीना को दिलाए।
संन्यास की अटकलें क्यों लग रही?
फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल से पहले मेसी की एक भावुक पोस्ट ने चर्चाओं को और हवा दे दी थी। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में अपने खास जूतों के साथ 'The Last Tango' लिखा, जिसके बाद सोशल मीडिया पर इसे उनके संन्यास से जोड़कर देखा जाने लगा। मेसी ने मैच से कुछ घंटे पहले सोशल मीडिया पर अपने साथियों, कोचिंग स्टाफ और फैंस को शुक्रिया कहा। जिसके बाद ये कयास लगाए जा रहे हैं कि फाइनल मैच के बाद वह संन्यास ले सकते हैं।
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि इन सभी सालों में सबसे अच्छी बात सिर्फ खिताब या ट्रॉफियां जीतना नहीं था, बल्कि पूरी टीम का साथ और यह सफर था। हर रोज एक साथ रहना, मिलकर मुकाबला करना, मुश्किल समय में एक-दूसरे को संभालना और हर पल का मजा लेना सबसे खास रहा। उन्होंने अपने सभी साथी खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और टीम के लिए काम करने वाले हर इंसान को धन्यवाद दिया, क्योंकि सबने मिलकर इस टीम को एक परिवार की तरह रखा है। उन्होंने आगे कहा कि कल मैच का नतीजा चाहे जो भी हो, इस टीम ने पहले ही एक ऐसा इतिहास रच दिया है जिसे हम कभी भूल नहीं सकते और न ही कोई इसे मिटा सकता है। आखिर में उन्होंने लिखा लेट्स गो अर्जेंटीना। इन्हीं पोस्ट के कारण उनके संन्यास को लकेर अटकलें लगनी शुरू हुई।
यह भी पढ़ें: IND vs ENG: डकेट-बेथेल-रूट का गरजा बल्ला, इंग्लैंड ने दिया 388 रन का टारगेट
फिलहाल संन्यास नहीं
फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में लियोनेल मेसी भावुक नजर आए। इस हार के बाद जाहिर तौर पर उनका दिल टूट गया है। इस हार के बाद वह काफी भावुक भी नजर आए। इस मैच में मेसी कई रिकॉर्ड्स बनाने से चुक गए। मेसी ने टूर्नामेंट में आठ गोल किए और विश्व कप में अपने कुल गोलों की संख्या 21 तक पहुंचाई, लेकिन वह फ्रांस के किलियन एमबाप्पे का 22 गोल का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए। गोल्डन बूट और सबसे ज्यादा विश्व कप गोल करने का रिकॉर्ड भी उनके हाथ नहीं लगा। इसी मैदान पर हार के बाद 2016 में मेसी ने संन्यास की घोषणा की थी। हालांकि, इस बार उन्होंने फिलहाल संन्यास की आधिकारिक तौर पर घोषणा नहीं की है।