ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने बड़ा बयान दिया है। सैंटनर ने कहा है कि ट्रॉफी जीतने के लिए कुछ दिल तोड़ने में हमें कोई दिक्कत नहीं है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खिताबी मुकाबला रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। अहमदाबाद में हुए 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल से पहले ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने भी कुछ ऐसा ही बयान दिया था। कमिंस ने कहा था कि स्टेडियम में आए 1 लाख से भी ज्यादा दर्शकों को 'साइलेंट' करने में मजा आएगा।
सैंटनर ने यह भी कहा कि हमें शायद जीत के प्रबल दावेदार नहीं मना जा रहा है। इससे हमें फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध के कारण भारत में फंसी टीमों पर भी बात की। पश्चिम एशिया का एयरस्पेस बंद होने के चलते वेस्टइंडीज और इंग्लैंड की टीमें कोलकाता और मुंबई में फंसी हुई हैं। सैंटनर का मानना है कि जब लोग घर नहीं लौट पा रहे हों तो सिर्फ फाइनल पर फोकस करना मुश्किल है लेकिन उनके हाथ में अभी केवल यही काम है।
यह भी पढ़ें: संजू सैमसन का अब हो गया... फाइनल में नहीं चलेंगे! खतरा होंगे ये 2 कीवी गेंदबाज
भारत पर होगा दबाव
न्यूजीलैंड ने पिछले 11 सालों में पांच बार ICC के किसी टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई है लेकिन उसे हार का सामना करना पड़ा है। सैंटनर ने कहा, 'हम मैदान पर उतरते हैं और एक टीम के रूप में अपना काम करते हैं। इस बार भी इसमें कोई बदलाव नहीं आएगा। निश्चित रूप से यह एक चुनौती होगी, क्योंकि हर कोई जानता है कि हम शायद जीत के प्रबल दावेदार नहीं हैं। हमें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। ट्रॉफी जीतने के लिए कुछ लोगों का दिल तोड़ने में मुझे कोई आपत्ति नहीं होगी। जाहिर है, भारत पर घर में वर्ल्ड कप जीतने का बहुत दबाव है।'
यह भी पढ़ें: बारिश की भेंट चढ़ा टी20 वर्ल्ड कप फाइनल तो कौन सी टीम बनेगी चैंपियन?
यह आम मैच नहीं
सैंटनरन ने कहा कि यह कहना आसान है कि यह आम मैच की तरह है लेकिन ऐसा नहीं है। उन्होंने कहा, 'यह कहना आसान है कि यह बस एक और मैच की तरह है लेकिन हर कोई जानता है कि ऐसा नहीं है। इसके लिए आपकी अच्छी रणनीति और तैयारी होनी चाहिए।'
सैंटनर ने आगे कहा, 'खासकर टी20 क्रिकेट में कुछ ही पलों में पासा पलट जाता है। इन पलों में आप विपक्षी टीम पर दबाव बना सकते हैं या उनका फायदा उठा सकते हैं। मुझे लगता है कि हमने हाल के मैचों में यही देखा।'