टीम इंडिया से बाहर चल रहे मोहम्मद शमी रणजी ट्रॉफी में एक बार फिर अपने प्रदर्शन से लोगों का ध्यान खींचा है। 36 साल के इस तेज गेंदबाज ने दिल्ली और केरल के खिलाफ कहर बरपाने के बाद अब महाराष्ट्र के विरुद्ध 3 बड़े विकेट झटक लिए हैं। ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे एलीट ग्रुप-C के इस मुकाबले में शमी ने कल (2 नवंबर) लगातार गेंदों पर पृथ्वी शॉ और दिग्विजय पाटिल के विकेट लिए थे। आज उन्होंने सिद्देश वीर को चलता किया। यानी महाराष्ट्र के टॉप-3 बल्लेबाजों को शमी ने निपटाया।
युवा तेज गेंदबाजों को टक्कर दे रहे शमी
शमी ने पिछले सीजन से अब तक रणजी ट्रॉफी में 50 विकेट पूरे कर लिए हैं। विकेट लेने के मामले में तेज गेंदबाजों में उनसे आगे सिर्फ जम्मू-कश्मीर के आकिब नबी और सुनील कुमार ही हैं। अंशुल कम्बोज और मुकेश कुमार जैसे युवा पेसर्स भी शमी से पीछे हैं। हैरानी की बात है कि ये दोनों तेज गेंदबाज टीम इंडिया या इंडिया-ए के स्क्वॉड में चुन लिए जा रहे हैं लेकिन शमी का नाम आस-पास भी नहीं है।
यह भी पढ़ें: रणजी ट्रॉफी में इस युवा स्पिनर ने झटके 9 विकेट, 59 साल पुराना रिकॉर्ड चकनाचूर
बंगाल को मैच में वापस लाए शमी
मेजबान बंगाल की टीम पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर महज 143 रन पर ही सिमट गई थी। विकेटकीपर बल्लेबाज अभिषेक पोरेल को छोड़कर कोई नहीं चल सका। पोरेल ने 67 गेंद में 54 रन की पारी खेली। उनके अलावा कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन (10), सुदीप कुमार घरामी (19) और प्रदीप्ता प्रमाणिक (31) ही दोहरे अंक में पहुंच सके। सस्ते में सिमटने के बाद शमी ने बंगाल की वापसी कराई। उन्होंने पहले दिन स्टंप्स तक महाराष्ट्र को 2 झटके दिए।
यह भी पढ़ें: IND vs NZ: तेज गेंदबाजों की फौज का क्या हुआ, ODI में होगा टी20 सीरीज वाला हाल?
दूसरे दिन के खेल में शाहबाज अहमद, सुरज जायसवाल और मोहम्मद कैफ ने घातक गेंदबाजी करते हुए 47 रन के स्कोर तक महाराष्ट्र की आधी टीम समेट दी। इसके बाद शमी ने सिद्धेश वीर के रूप में महाराष्ट्र को छठा झटका दिया। बंगाल की टीम लग रहा था कि महाराष्ट्र को 100 के नीचे समेट देगी लेकिन तनय सांघवी, सौरभ नवाले और राजवर्धन हंगारगेकर ने मेहमान टीम को संभाल लिया। खबर लिखे जाने तक महाराष्ट्र ने 9 विकेट के नुकसान पर 207 रन बनाए हैं। उसके पास 64 रन की लीड है।