विदर्भ के युवा स्पिनर हर्ष दुबे ने रणजी ट्रॉफी में 9 विकेट लेकर इतिहास रच दिया है। इस लेफ्ट आर्म स्पिनर ने मध्य प्रदेश के खिलाफ कहर बरपाते हुए 59 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। वह मुरलीधर ओगिराल (8 विकेट) को पीछे छोड़ते हुए विदर्भ के लिए रणजी ट्रॉफी में एक पारी में 9 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बने।
हर्ष दुबे की घातक गेंदबाजी की बदौलत विदर्भ ने एलीट ग्रुप-ए मुकाबले के पहले दिन (2 नवंबर) मध्य प्रदेश को 209 रन पर समेट दिया। इसके जवाब में मेजबान विदर्भ ने दिन का खेल समाप्त होने तक 23 ओवर में 4 विकेट पर 56 रन बनाए। दिन के खेल के दौरान कुल 14 विकेट गिरे।
यह भी पढ़ें: IND vs NZ: तेज गेंदबाजों की फौज का क्या हुआ, ODI में होगा टी20 सीरीज वाला हाल?
हर्ष दुबे के सामने नहीं टिक सके MP के बल्लेबाज
मध्य प्रदेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन उसकी टीम 66.1 ओवर में पवेलियन लौट गई। विदर्भ के लिए हर्ष दुबे ने 23.1 ओवर में 53 रन देकर 9 विकेट लिए, जबकि 1 अन्य विकेट नचिकेत भुटे ने हासिल किया।
मध्य प्रदेश की ओर से अथर्व महाजन ने सबसे अधिक 85 रन बनाए। उन्होंने 123 गेंद की अपनी पारी में 5 चौके और 3 छक्के लगाए। सारांश जैन ने 41 गेंद में 34 रन का योगदान दिया, जबकि आवेश खान 13 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके जवाब में विदर्भ की टीम भी मध्य प्रदेश के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई।
दिन का खेल खत्म होने तक टीम ने 23 ओवर में 4 विकेट पर 56 रन बनाए हैं और वह पहली पारी के आधार पर अभी 153 रन से पीछे है। कप्तान अक्षय वाडकर 9, जबकि ध्रुव शौरी 56 गेंद में 21 रन बनाकर खेल रहे हैं। मध्य प्रदेश की ओर से बाएं हाथ के स्पिनर कुमार कार्तिकेय ने 23 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि आवेश को 1 सफलता मिली।
यह भी पढ़ें: टीम इंडिया की हर मर्ज की दवा बन गए हैं ईशान किशन, ODI में यशस्वी से भी आगे निकले
ग्रुप-ए के बाकी मैचों का हाल
कानपुर में बड़ौदा ने ध्रुव पटेल (124) के शतक से उत्तर प्रदेश के खिलाफ 6 विकेट पर 269 रन बनाए। उत्तर प्रदेश की ओर से करण शर्मा ने 39 रन देकर 3 विकेट चटकाए। पणजी में गोवा ने स्नेहल कोथांकर (116) के शतक और अभिनव तेजराणा (73) के अर्धशतक से बिहार के खिलाफ 6 विकेट पर 288 रन बनाए। श्रीनगर में पुडुचेरी ने नेयन श्याम कंगायन (70) और मोहित काले (73) के अर्धशतक से जम्मू-कश्मीर के खिलाफ 6 विकेट पर 261 रन बनाए।