उत्तर प्रदेश टी20 लीग 2026 अब अपने आखिरी पड़ाव पर है। रविवार (6 सितंबर) को इस लीग का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी बाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले खिताबी जंग में रिंकू सिंह और भुवनेश्वर कुमार की कप्तानी वाली टीमें आमने-सामने हैं। भुवनेश्वर के हाथों लखनऊ फाल्कन्स की कमान है, जबकि रिंकू मेरठ मावेरिक्स की अगुवाई कर रहे हैं।
लखनऊ फाल्कन्स ने पहले क्वालिफायर में मेरठ मावेरिक्स को ही हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। टेबल टॉपर मेरठ मावेरिक्स की टीम ने इसके बाद दूसरे क्वालिफायर में नोएडा किंग्स को शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में कदम रखा। अब वह लखनऊ फाल्कन्स से क्वालिफायर 1 की हार का बदला लेने के साथ दूसरी बार चैंपियन बनने के इरादे से उतरेगी। दूसरी तरफ लखनऊ फाल्कन्स की निगाहें अपने पहले खिताब पर होंगी। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले आइए जानते हैं कि टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले 5 बल्लेबाज कौन हैं।
यह भी पढ़ें: सहवाग-द्रविड़ के बेटों संग U19 टीम में मिली जगह, अब बैन क्यों हो गए रोहित यादव?
करन शर्मा से आगे निकलेंगे चिकारा?
UP टी20 लीग के मौजूदा एडिशन में रन बनाने के मामले में करन शर्मा सबसे आगे चल रहे हैं। काशी रुद्रास के कप्तान करन ने 11 पारियों में 142.69 के स्ट्राइक रेट से 361 रन बनाए हैं। कानपुर सुपरस्टार्स के कप्तान समीर रिजवी 310 रन के साथ दूसरे नंबर पर हैं। मेरठ मावेरिक्स के विस्फोटक ओपनर स्वास्तिक चिकारा 12 पारियों में 166.49 के स्ट्राइक रेट से 308 रन के साथ फिलहाल तीसरे पायदान पर हैं।
रविवार को चिकारा के पास करन और रिजवी से आगे निकलने का मौका रहेगा। वह फाइनल में 3 रन बनाते ही रिजवी को पछाड़ देंगे। करन से आगे निकलने के लिए उन्हें 53 रन की दरकार है। चिकारा जिस फॉर्म में चल रहे हैं, संभावना है कि वह एक बार फिर यूपी की इस लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। उनके अलावा फाइनल में उतरने वाला कोई बल्लेबाज करन-रिजवी के आस-पास भी नहीं है।
यह भी पढ़ें: UP टी20 लीग 2026: रिंकू सिंह की टीम फाइनल में पहुंची, नोएडा किंग्स को हराया
UP टी20 लीग 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले 5 बल्लेबाज
- करन शर्मा (काशी रुद्रास) - 361 रन
- समीर रिजवी (कानपुर सुपरस्टार्स) - 310 रन
- स्वास्तिक चिकारा (मेरठ मावेरिक्स) - 308 रन
- आदर्श सिंह (कानपुर सुपरस्टार्स) - 286 रन
- अभिषेक गोस्वामी (काशी रुद्रास) - 286 रन