भारतीय अंडर-19 टीम इस महीने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 यूथ वनडे और 2 यूथ टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने वाली है। इस सीरीज की शुरुआत 18 सितंबर से राजकोट में होगी, जिसके लिए टीम इंडिया का ऐलान हो चुका है। भारत की यूथ वनडे टीम में वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ चुने गए हैं।
सहवाग-द्रविड़ जैसे दिग्गजों के बेटों के सेलेक्शन के चलते ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। इस बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने यूथ वनडे और यूथ टेस्ट टीम में चुने गए रोहित यादव को 2 साल के लिए बैन कर दिया।
यह भी पढ़ें: UP टी20 लीग 2026: रिंकू सिंह की टीम फाइनल में पहुंची, नोएडा किंग्स को हराया
क्यों बैन हुए रोहित यादव?
लेग स्पिनर रोहित यादव को उम्र में धोखाधड़ी के कारण बैन किया गया है। रोहित यादव की धोखाधड़ी क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) की प्री-सीजन डॉक्यूमेंटेशन ड्राइव में पकड़ी गई है। CAB ने बताया है कि रोहित की उम्र में 27 महीने का अंतर पाया गया है, जिसके बाद उन पर ऐक्शन लिया गया। रोहित यादव का नाम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चुनी गई भारतीय अंडर-19 टीम से हटा दिया गया है। BCCI से जुड़ी सभी राज्य इकाइयों को भी उनके बैन की जानकारी दे दी गई है। रोहित यादव इस साल जुलाई में भारतीय अंडर-19 टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर भी गए थे।
यह भी पढ़ें: Asia Cup: कितने बजे से शुरू होगा भारत-पाकिस्तान मैच, मोबाइल पर कहां दिखेगा?
रोहित यादव के अलावा 64 खिलाड़ी भी पकड़े गए
CAB के डॉक्यूमेंटेशन ड्राइव में उम्र संबंधित धोखाधड़ी मामले में रोहित यादव के अलावा 64 अन्य खिलाड़ी भी पकड़े गए हैं। इनमें रवि कुमार भी शामिल हैं। रवि कुमार 2022 अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। उन्होंने फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 4 विकेट चटकाए थे। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज रवि कुमार बंगाल की सीनियर टीम की ओर से भी खेल चुके हैं। रवि की उम्र में 40 महीने से ज्यादा का अंतर पाया गया है।