उत्तर प्रदेश टी20 लीग 2026 के 15वें मुकाबले में लखनऊ फाल्कन्स ने नोएडा सुपर किंग्स को DLS मेथड से 12 रन से हरा दिया। रविवार (23अगस्त) को खेले गए इस मैच में तेज गेंदबाज अभिनंदन सिंह ने 4 विकेट लेकर नोएडा सुपर किंग्स को 156/8 के स्कोर पर रोक दिया था। जवाब में लखनऊ फाल्कन्स ने 17.3 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 144 रन बना लिए थे। इसके बाद बारिश के कारण खेल नहीं हो सका। लखनऊ फाल्कन्स की टीम DLS मेथड के तहत 12 रन से आगे थी और उसे विजेता घोषित कर दिया गया।
लखनऊ फाल्कन्स की ओर से अजीत वर्मा ने सबसे ज्यादा 59 रन बनाए। इससे पहले अभिनंदन सिंह ने कहर बरपाया, जिससे टीम ने नोएडा सुपर किंग्स को बड़ा स्कोर नहीं बनाने दिया। उन्होंने 32 रन देकर 4 विकेट झटके। इस टूर्नामेंट में वह सबसे ज्यादा विकेट चटकाने के मामले में दूसरे नंबर पर हैं। लखनऊ फाल्कन्स की टीम के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने अच्छी गेंदबाजी की लेकिन उनके हाथ सफलता नहीं लगी। भुवनेश्वर लगातार दूसरे मैच में खाली हाथ रहे।
यह भी पढ़ें: महिला हॉकी वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का टूटा सपना, ऑस्ट्रेलिया ने ड्रॉ पर रोका
घातक गेंदबाजी कर रहे हैं अभिनंदन
इंडियन प्रीमियर लीग (
IPL
) 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (
RCB
) के लिए खेल चुके अभिनंदन यूपी टी20 लीग में घातक गेंदबाजी कर रहे हैं। वह अब तक 5 मैचों में 13 विकेट ले चुके हैं। उन्होंने 2 बार 4 विकेट हॉल लिए हैं। अभिनंदन पर्पल की रेस में सिर्फ जीशान अंसारी से पीछे हैं। जीशान के नाम 14 विकेट हैं। उन्होंने अभिनंदन से एक मैच ज्यादा भी खेला है।
अभिनंदन ने नोएडा सुपर किंग्स के खिलाफ अपने बेहतरीन प्रदर्शन से जीशान को पछाड़ दिया था। हालांकि कुछ ही देर बाद जीशान ने गोरखपुर लायंस के खिलाफ 2 ओवर में 4 विकेट झटके और वह एक बार फिर अभिनंदन से आगे निकल गए। पर्पल के लिए फिलहाल इन दोनों के बीच ही टक्कर है, क्योंकि उनके आस-पास कोई गेंदबाज नहीं है। कार्तिक त्यागी, कुणाल त्यागी, अजय कुमार और वासु वत्स 8-8 विकेट के साथ संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर हैं।
यह भी पढ़ें: टीम मैनेजमेंट या खुद की गलती, टेस्ट टीम में जगह पक्की क्यों नहीं कर पाए कुलदीप?
UP टी20 लीग 2026 में सबसे ज्यादा विकेट
- जीशान अंसारी - 14 विकेट
- अभिनंदन सिंह - 13 विकेट
- कार्तिक त्यागी - 8 विकेट
- कुणाल त्यागी - 8 विकेट
- अजय कुमार - 8 विकेट
- वासु वत्स - 8 विकेट