पाकिस्तान की फिर से इंटरनेशनल बेइज्जती हुई है। उसके हॉकी खिलाड़ियों को ऑस्ट्रेलिया की राजधानी कैनबरा में सड़कों पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ा है। पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) ने टीम से कहा था कि 'फोर स्टार' होटल बुक है लेकिन जब खिलाड़ी और अधिकारी कैनबरा पहुंचे तो पता चला कि होटल की बुकिंग हुई ही नहीं थी, जिसके चलते उन्हें घंटो सड़क पर समय बिताने पड़े।
न्यूज एजेंसी PTI से एक सूत्र ने बताया कि पैसे नहीं होने के कारण पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन ने होटल के बिल का पेमेंट नहीं किया था, जिससे बुकिंग रद्द हो गई। इसके बाद टीम को होटल के बाहर घंटो इंतजार करना पड़ा। पाकिस्तानी टीम होबार्ट में हो रहे FIH प्रो लीग के दूसरे लेग के मैच खेलने के लिए ऑस्ट्रेलिया पहुंची है। बता दें कि हॉकी पाकिस्तान का राष्ट्रीय खेल है और पाक टीम FIH प्रो लीग में आस्ट्रेलिया और जर्मनी जैसी टॉप की टीमों से खेल रही है।
यह भी पढ़ें: IND vs PAK: कोलंबो की पिच पर भारत से क्यों मजबूत नजर आ रहा है पाकिस्तान?
एक ही कमरे में रुके 3-3 खिलाड़ी
सूत्र ने बताया, 'खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिये कैनबरा में एक फोर स्टार होटल में कमरे बुक किए गए थे। उन्हें बताया गया था कि पाकिस्तान खेल बोर्ड और PHF ने कैनबरा में उनके रहने के लिए सारे भुगतान कर दिए हैं। लेकिन पिछले सप्ताह कैनबरा पहुंचने पर पता चला कि उस होटल में कोई बुकिंग थी ही नहीं। टीम के हेड कोच ताहिर जमान टाइम जोन अलग होने के कारण PSB और PHF के अधिकारियों से संपर्क नहीं कर सके।'
सू्त्र ने आगे बताया, 'ताहिर ने उन्हें इस सिचुएशन के बारे में बताया कि लाहौर से लंबा सफर करके आये खिलाड़ियों के पास आराम करने की कोई जगह नहीं है।' घंटो बाहर इंतजार करने के बाद होटल मैनेजमेंट ने खिलाड़ियों को कुछ कमरे दिए। सूत्र ने कहा, 'कमरे उपलब्ध नहीं थे लिहाजा एक ही कमरे में 2-3 खिलाड़ी रुके और अगले दिन आस्ट्रेलिया से मैच खेलने स्टेडियम गए, जिसमें उन्हें 2-3 से हार मिली।'
यह भी पढ़ें: Sri Lanka vs Oman: घर में दहाड़ रहे श्रीलंकाई शेर, खत्म होगा 12 साल का सूखा?
अर्जेंटीना में भी पैसे के लिए तरस गए थे पाक खिलाड़ी
इससे पहले अर्जेंटीना में भी PHF ने पाक खिलाड़ियों को धोखा दिया था। FIH प्रो लीग का पहला लेग अर्जेंटीना में हुआ था, जहां पाकिस्तानी खिलाड़ियों को दैनिक भत्ते नहीं मिले थे, जिससे उन्हें पैसों की किल्लत हो गई थी।
कैनबरा में पाकिस्तानी टीम मैनेजर के बिना गई है, क्योंकि नियमित मैनेजर और पूर्व ओलंपियन अंजुम सईद को PHF ने निकाल दिया है। उन्हें वापस लौटते समय फ्लाइट में सिगरेट पीते पाया गया और हवाई अड्डे पर सुरक्षा अधिकारियों से उनकी झड़प भी हुई। सूत्र ने बताया कि कैनबरा में कुछ स्थानीय पाकिस्तानी लोगों से संपर्क किया गया जिन्होंने आकर उनकी मदद की। पाकिस्तान FIH प्रो लीग के सभी छह मैच हार चुका है।