logo

ट्रेंडिंग:

टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की सबसे बड़ी जीत... सुपर-8 में पहुंचा, पूरा शेड्यूल

पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में जगह बना ली है। साहिबजादा फरहान के नाबाद शतक की मदद से पाक टीम ने नामीबिया को 102 रन से शिकस्त दी।

Sahibzada Farhan Century T20 WC

शतक पूरा करने के बाद जश्न मनाते साहिबजादा फरहान, Photo Credit: ICC/X

शेयर करें

संबंधित खबरें

Advertisement
Group2

ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 का मैच नंबर 35 में पाकिस्तान का सामना नामीबिया से हुआ। बुधवार (18 फरवरी) को कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान ने 102 रन से बाजी मार सुपर-8 में धमाकेदार एंट्री ली। टूर्नामेंट के इतिहास में रनों के लिहाज से पाकिस्तान की यह सबसे बड़ी जीत है।

 

पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए साहिबजादा फरहान के धमाकेदार शतक की मदद से 3 विकेट के नुकसान पर 199 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में नामीबिया 17.3 ओवर में 97 पर ही सिमट गया। नामीबियाई टीम को लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा और वह खाली हाथ घर लौटी।

 

यह भी पढ़ें: विंटर ओलंपिक 2026 में दो भारतीय एथलीटों ने लिया हिस्सा, एक ने रचा इतिहास

फरहान ने लगाई पाकिस्तान की नैया पार

पाकिस्तान को टूर्नामेंट में बने रहने के लिए हर हाल में जीत जरूरी थी। यानी उसके लिए करो या मरो वाला मुकाबला था। सईम अयूब (14) एक बार फिर सस्ते में निपट गए, जिससे फरहान के ऊपर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी थी। भारत के खिलाफ पिछले मैच में डक पर आउट होने वाले इस बल्लेबाज ने पहले कप्तान सलमान अली आगा (38) के साथ मिलकर अर्धशतकीय साझेदारी की और फिर अंत में आतिशी बल्लेबाजी कर पाकिस्तान को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया। 

 

फरहान ने आखिरी ओवर की दूसरी गेंद पर सिंगल लेकर अपना शतक पूरा किया। वह टी20 वर्ल्ड कप में सेंचुरी ठोकने वाले दूसरे पाकिस्तानी बल्लेबाज बने। उन्होंने 58 गेंद खेलकर 11 चौके और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 100 रन बनाए। शादाब खान ने 22 गेंद में नाबाद 36 रन बनाए, जिसमें 1 चौका और 3 छक्के शामिल रहे। पाकिस्तान ने बाबर आजम को बैटिंग करने के लिए नहीं भेजा, जिससे टीम टी20 वर्ल्ड कप में अपने दूसरे सबसे बड़े स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।

 

यह भी पढ़ें: स्पिन के जाल में फंस रहे भारतीय बल्लेबाज, सुपर-8 में क्या होगा हाल?

उस्मान तारिक ने बरपाया कहर

टारगेट का पीछा करते हुए नामीबिया ने अच्छी शुरुआत की थी लेकिन ओपनिंग जोड़ी टूटते ही उसकी पारी बिखर गई। नामीबिया ने 4 ओवर में 32 रन बना लिए थे। शाहीन शाह अफरीदी की जगह खेल रहे सलमान मिर्जा ने जैन फ्राइलिंक (9) को क्लीन बोल्ड कर पाकिस्तान को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद पाक टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट चटकाए और नामीबिया के 100 के अंदर समेट दिया। उस्मान तारिक ने कहर बरपाते हुए 3.1 ओवर में 16 रन देकर 4 विकेट लिए। शादाब ने 4 ओवर में 19 रन खर्चते हुए 3 विकेट लिए। नामीबिया की ओर से लॉरेन स्टीनकैम्प ने सबसे ज्यादा 22 गेंद में 23 रन बनाए।

सुपर-8 में पाकिस्तान का शेड्यूल

  • बनाम न्यूजीलैंड - 21 फरवरी, कोलंबो (RPS)
  • बनाम इंग्लैंड - 24 फरवरी, पल्लेकेले
  • बनाम श्रीलंका - 28 फरवरी, पल्लेकेले

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap