युवा सनसनी
वैभव सूर्यवंशी
को पहले आयरलैंड में और फिर इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में बाहर रखा गया। उनका इंटरनेशनल डेब्यू लगातार टाला जा रहा है। पूर्व क्रिकेटर पार्थिव पटेल ने टीम मैनेजमेंट को सलाह दी है कि अगर वैभव को नहीं खिलाना है तो उन्हें साफ-साफ बता देना चाहिए। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच से पहले पार्थिव ने कहा कि 15 साल के इस खिलाड़ी को 5 मैचों की टी20 सीरीज में कभी न कभी मौका जरूर मिलेगा और उनके साथ कोचिंग स्टाफ का बातचीत करना बहुत जरूरी होगा।
JioStar के 'गेम प्लान' शो में बात करते हुए पार्थिव ने कहा, 'मुझे लगता है कि वैभव सूर्यवंशी को इस सीरीज में कभी न कभी मौका जरूर मिलेगा लेकिन इस स्टेज पर उनसे बातचीत बहुत जरूरी है। अगर आप कोचिंग स्टाफ का हिस्सा हैं तो खिलाड़ियों से साफ-साफ बात करनी होगी। अगर आप उसे नहीं खिलाने वाले हैं, तो यह बात भी बता दें। वह सिर्फ 15 साल का बच्चा है, इसलिए उसके साथ बहुत सावधानी से पेश आना होगा और उसे धैर्य रखने की सलाह देनी होगी।'
यह भी पढ़ें: FIH प्रो लीग में आठवें स्थान पर रहा भारत, क्या बोले कोच फुल्टन?
वैभव को समझानी होगी यह बात
पार्थिव ने यह भी कहा कि कई खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है, जैसे कि नंबर- टी20 बैटर ईशान किशन, टी20 वर्ल्ड कप के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
संजू सैमसन
और वर्ल्ड नंबर-2 अभिषेक शर्मा।
उन्होंने कहा, 'कई खिलाड़ियों ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट थे। ईशान किशन, जो तीसरे नंबर पर बैटिंग कर रहे हैं, ICC की रैंकिंग में नंबर-1 टी20 बल्लेबाज हैं, जबकि अभिषेक शर्मा नंबर-2 पर हैं। अभी प्लेइंग-XI में वैभव के लिए कोई जगह नहीं है और उन्हें यह बात अच्छी तरह से समझानी होगी।'
यह भी पढ़ें: 'इस वर्ल्ड कप में मेसी से बेस्ट हैं इंग्लिश कप्तान...' दिग्गज का सनसनीखेज दावा
बॉलिंग कोच ने मैनेजमेंट का किया बचाव
गौरतलब है कि दूसरे टी20 मैच से पहले भारतीय टीम के बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल ने वैभव को बाहर रखने के टीम मैनेजमेंट के फैसले का बचाव किया था। उन्होंने मौजूदा सेटअप में अनुभवी और अच्छी फॉर्म वाले खिलाड़ियों का साथ देने की अहमियत पर जोर दिया। मोर्कल ने भारत के टॉप टी20 बैटर के तौर पर अभिषेक शर्मा की जगह और वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के तौर पर संजू सैमसन की भूमिका का जिक्र किया।
मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोर्कल ने कहा, 'मुझे लगता है कि हमें इस बात का सम्मान करना चाहिए कि हमारे पास नंबर-1 बल्लेबाज है या टी20 क्रिकेट में हमारा नंबर-1 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा रहे हैं। संजू वर्ल्ड कप के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट थे।' मोर्कल ने वैभव को लेकर लोगों में जो उत्साह है उसे तो माना लेकिन इस बात पर भी जोर दिया कि मौजूदा खिलाड़ियों के ग्रुप को भरोसा और सुरक्षा देना जरूरी है।
उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि कोचिंग स्टाफ के तौर पर अपने खिलाड़ियों पर भरोसा जताना और उनका साथ देना सही है। हां एक युवा खिलाड़ी मौके का इंतजार कर रहा है और यह उत्साहजनक है लेकिन मुझे लगता है कि न सिर्फ उन दो टॉप खिलाड़ियों के लिए, बल्कि बाकी ग्रुप के लिए भी यह एक अच्छा संकेत है कि हम उन्हें दिखाएं कि हम उनका साथ दे रहे हैं।'