प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी
ने रविवार को कहा कि भारत और उज्बेकिस्तान के बीच खेल सहयोग का एक अहम जरिया बन सकता है। उज्बेकिस्तान की दो दिवसीय राजकीय यात्रा के दौरान संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि खेल दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। पीएम मोदी ने भारत के विश्व चैंपियन डी गुकेश और उज्बेकिस्तान के ग्रैंडमास्टर जावोखिर सिंदारोव के बीच होने वाली वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप का भी जिक्र किया।
डी गुकेश ने दिसंबर 2024 में इतिहास रचा था। उन्होंने सिंगापुर में चीन के डिंग लिरेन को हराकर सिर्फ 18 साल की उम्र में वर्ल्ड चैंपियन का खिताब अपने नाम किया था। इसके साथ ही वह शतरंज के इतिहास में सबसे कम उम्र के वर्ल्ड चैंपियन बन गए। अब गुकेश और सिंदारोव के बीच होने वाला मुकाबला शतरंज की दुनिया के दो युवा सितारों की टक्कर होगी। वर्ल्ड चैंपियनशिप 24 नवंबर से 12 दिसंबर तक स्विट्जरलैंड में खेली जाएगी।
यह भी पढ़ें: ग्रैंडमास्टर प्रज्ञानानंद ने रचा इतिहास, ग्रैंड चेस टूर जीतने वाले भारतीय बने
PM मोदी ने गुकेश-सिंदारोव को दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'स्पोर्ट्स भी अब दोनों देशों के बीच सहयोग का एक अहम क्षेत्र बनता जा रहा है। पिछले वर्ष गोवा में 20 वर्षीय उज्बेक ग्रैंडमास्टर सिंदारव ने वर्ल्ड कप जीता। अब नवंबर में उनका मुकाबला भारत के बीस वर्षीय चेस चैंपियन गुकेश के साथ होने वाला है। एक बिसात पर जब ये दो युवा सितारे आमने सामने होंगे तो जाहिर है इस मुकाबले पर पूरी दुनिया की नजर होगी। अगले महीने समरकंद में होने जा रहे चेस ओलंपिक में इसके लिए भी मैं बहुत बहुत शुभकामनाएं देता हूं।'
AICF अध्यक्ष ने PM मोदी के बयान का किया स्वागत
ऑल इंडिया चेस फेडरेशन (AICF) के अध्यक्ष नितिन नारंग ने PM मोदी के बयान का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि शतरंज ने हमेशा देशों की सीमाओं से आगे जाकर लोगों को जोड़ने का काम किया है। उनके मुताबिक, यह खेल अब भारत और दुनिया के बीच रिश्तों को मजबूत करने का माध्यम भी बन रहा है।
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 से 31 अगस्त तक उज्बेकिस्तान की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर हैं। 2015 के बाद यह उनका उज्बेकिस्तान का पहला राजकीय दौरा है। हालांकि, वह 2016 और 2022 में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए उज्बेकिस्तान जा चुके हैं।