आर प्रज्ञानानंदा ने इंटरनेशनल लेवल पर अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। भारतीय ग्रैंडमास्टर ने सेंट लुइस रैपिड एवं ब्लिट्ज चेस टूर्नामेंट के रैपिड वर्ग में 18 में से 12 अंक हासिल कर टॉप स्थान हासिल किया है। इसके साथ ही उन्होंने इस साल के अंत में होने वाले 'ग्रैंड चेस टूर (GCT)' फाइनल्स में जगह बनाने की अपनी उम्मीदें भी कायम रखी हैं।
वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 की दौड़ से बाहर हो चुके प्रज्ञानानंदा ने 9 राउंड के रैपिड मुकाबलों में बेहतरीन तकनीक, सटीक चालों और जीत के जज्बे का परिचय दिया। हालांकि उन्हें नौवें और अंतिम राउंड में नीदरलैंड्स के ग्रैंडमास्टर जॉर्डन वान फोरेस्ट से हार का सामना करना पड़ा, फिर भी वह एक अंक की बढ़त के साथ टॉप पर बने रहे।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में बैडमिंटन का वर्ल्ड चैंपियनशिप, सिंधु को मिली 9वीं वरीयता
अब होंगे ब्लिट्ज के मुकाबले
प्रज्ञानानंदा ने उजबेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव (11 अंक) को पीछे छोड़ा, जो इस साल वर्ल्ड चैंपियनशिप मुकाबले में डी गुकेश को चुनौती देंगे। प्रतियोगिता का परिणाम केवल रैपिड वर्ग से तय नहीं होगा। अब 18 ब्लिट्ज मुकाबले खेले जाएंगे, जिसके बाद विजेता का फैसला होगा। प्रतियोगिता की कुल पुरस्कार राशि दो लाख अमेरिकी डॉलर है। इसमें से विजेता को 50 हजार अमेरिकी डॉलर मिलेंगे।
यह भी पढ़ें: कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद पाकिस्तानी बॉक्सर लापता, टीम होटल में छोड़ा पासपोर्ट
ब्लिट्ज में हर जीत पर एक अंक
प्रज्ञानानंदा ने रैपिड वर्ग में चार जीत (हर जीत पर दो अंक), चार ड्रॉ और एक हार के साथ कुल 12 अंक जुटाए। अब उनका पूरा ध्यान 18 दौर के ब्लिट्ज मुकाबलों पर होगा, जहां हर जीत के लिए एक अंक मिलेगा। सिंदारोव 11 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि अमेरिका के वेस्ली सो 10 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
इसके बाद अमेरिका के लेवोन अरोनियन, नीदरलैंड्स के अनीश गिरी, क्यूबा मूल के अमेरिकी लेनियर डोमिंगेज पेरेज और जर्मनी के विन्सेंट कीमर 9-9 अंकों के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं। दस खिलाड़ियों की राउंड-रॉबिन प्रतियोगिता के बाद प्रतिष्ठित सिंकफील्ड कप खेला जाएगा, जो क्लासिकल फॉर्मेट में आयोजित होगा।
रैपिड राउंड के बाद तालिका
- आर प्रज्ञानानंदा - 12 अंक
- जावोखिर सिंदारोव - 11 अंक
- वेस्ली सो - 10 अंक
- लेवोन अरोनियन - 9 अंक
- लेनियर डोमिंगेज पेरेज - 9 अंक
- अनीश गिरी - 9 अंक
- विन्सेंट कीमर - 9 अंक
- फैबियानो कैरुआना - 8 अंक
- जॉर्डन वान फोरेस्ट - 8 अंक