भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट क्राइस्टचर्च के हैगली ओवल में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में टीम इंडिया की हालत खराब है। न्यूजीलैंड के 356 रन के जवाब में भारतीय टीम महज 246 पर सिमट गई है। कीवी टीम को 110 रन की बढ़त मिली है। न्यूजीलैंड की टीम अब अपनी दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी है। मुकाबले के तीसरे दिन (29 नवंबर) टी-ब्रेक तक उसका स्कोर 36/1 है। उसके पास 110 रन की बढ़त हो चुकी है।
न्यूजीलैंड की जैसे ही दूसरी पारी शुरू हुई, भारतीय तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा पर सबकी निगाहें टिक गईं। प्रसिद्ध फील्डिंग करते दिखे। उन्हें इस टेस्ट मैच के लिए भारत की प्लेइंग-XI में शामिल नहीं किया गया था। ऐसे में लोगों को लगा कि प्रसिद्ध किसी खिलाड़ी की जगह फील्डिंग करने आए होंगे और कुछ देर बाद बाहर चले जाएंगे लेकिन कॉमेंटेटर्स ने बताया कि अब वह क्राइस्टचर्च टेस्ट के लिए भारत की प्लेइंग-XI का हिस्सा बन चुके हैं।
प्रसिद्ध को न्यूजीलैंड की दूसरी पारी के दौरान गेंदबाजी करते हुए भी देखा जा सकता है। दरअसल, उन्हें आकाश दीप के कन्कशन सबस्टिट्यूट के तौर पर उतारा गया है। आकाश दीप को बल्लेबाजी के दौरान सिर में चोट लग गई थी, जिसके चलते वह मैच से बाहर हो गए हैं। मैच में पहले से ही बैकफुट पर आ चुकी टीम इंडिया के लिए यह बड़ा झटका है। आकाश दीप ने पहली पारी में 5 विकेट चटकाए थे।
यह भी पढ़ें: ...तो खत्म हो गया मोहम्मद सिराज का करियर? गौतम गंभीर के फैसले ने दिए संकेत
आकाश दीप की कैसी है हालत?
BCCI ने ट्वीट कर बताया है कि आकाश दीप की हालत पर मेडिकल टीम नजर बनाई हुई है। बोर्ड ने लिखा, 'क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन बल्लेबाजी करते समय आकाश दीप के हेलमेट पर गेंद लग गई। उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा को कन्कशन सब्स्टिट्यूट के तौर पर शामिल किया गया है। BCCI की मेडिकल टीम उन पर नजर रख रही है।'
यह भी पढ़ें: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में गदर काट रहे ये 4 खिलाड़ी, IPL ऑक्शन में लगेगी बोली?
आकाश दीप के हेलमेट पर बल्लेबाजी करते समय दो बार गेंद लगी थी। इस 29 साल के खिलाड़ी को पहले जैकब डफी और फिर काइल जेमीसन की गेंद लगी। आकाश दीप ने 52 गेंद में 29 रन की पारी खेलकर भारत को फॉलोऑन बचाने में मदद की थी। उन्होंने ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी की, जिससे भारत 117/7 के स्कोर से उबरकर फॉलोऑन टाल सका।