सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) में अच्छा प्रदर्शन कर अनजान भारतीय खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग (
IPL
) तक पहुंचते रहे हैं। IPL ऑक्शन से ठीक पहले आयोजित होने वाले इस घरेलू टी20 टूर्नामेंट में कुछ अच्छी पारियां या गेंद से किया गया यादगार प्रदर्शन फ्रेंचाइजियों का ध्यान खींचती हैं। इसे IPL में जगह बनाने का मंच माना जाता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि इस बार SMAT में जलवा दिखा रहे 4 खिलाड़ियों की किस्मत IPL 2027 ऑक्शन में चमक सकती है या नहीं।
एमडी निधीश
केरल के तेज गेंदबाज SMAT 2026 में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने के मामले में संयुक्त रूप से टॉप पर हैं। 35 साल के निधीश ने 7 मैचों में 15 विकेट चटकाए हैं। हालांकि इस दाएं हाथ के पेसर की इकॉनमी 8.96 की रही है। खराब इकॉनमी निधीश के आड़े आ सकती है। साथ ही IPL फ्रेंचाइजियां युवा खिलाड़ियों पर दांव लगाती हैं। ऐसे में निधीश के लिए कोई बोली लगाए, इसकी संभावना बहुत कम है। वह अतीत में मुंबई इंडियंस के स्क्वॉड का हिस्सा रह चुके हैं।
यह भी पढ़ें: क्राइस्टचर्च में टीम इंडिया की हालत पतली, गिल-यशस्वी फेल, कीवी गेंदबाजों का कहर
मनिशंकर मुरासिंह
त्रिपुरा के तेज गेंदबाज मनिशंकर मुरासिंह भी 7 मैचों में 15 विकेट ले चुके हैं। 33 साल के मनिशंकर की इकॉनमी प्रभावशाली है। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने सिर्फ 7.22 की इकॉनमी से रन खर्चे हैं। 33 रन देकर 6 विकेट उनका बेस्ट प्रदर्शन है। वह महाराष्ट्र के खिलाफ 66 रन की पारी भी खेल चुके हैं। अच्छे प्रदर्शन के बावजूद निधीश की तरह उनकी उम्र में भी आड़े आ सकती है।
अजय देव गौड़
हैदराबाद के अजय देव गौड़ सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों की सूची में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 6 मैचों में 14 विकेट झटके हैं। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज की इकॉनमी 10.10 के ऊपर है, जो चिंताजनक है। हालांकि अजय की उम्र उनके साथ है। वह अभी 26 साल के ही हैं। अब देखना है कि कोई फ्रेंचाइजी उनके लिए बोली लगाती है या नहीं।
यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलियाई टीम से नाथन लायन की छुट्टी, कूपर कोनोली और मार्नस लाबुशेन भी बाहर
अंकित कुमार
हरियाणा के कप्तान अंकित कुमार इस सीजन लगातार रन बना रहे हैं। वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में चौथे पायदान पर हैं। उन्होंने 7 मैचों में 167.72 के स्ट्राइक रेट से 317 रन बटोरे हैं। उन्होंने टी20 क्रिकेट के मुताबिक खेलने की क्षमता दिखाई है लेकिन वह ज्यादातर मैचों में टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी की है। IPL फ्रेंचाइजियां उन खिलाड़ियों की तरफ ज्यादा आकर्षित होती हैं, जो लोअर ऑर्डर में आकर मैच का पासा पलट सकें।