भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञाननंदा ने जर्मनी के विन्सेंट कीमर पर 19-9 की शानदार जीत के साथ आसानी से ग्रैंड चेस टूर (GCT) के अंतिम चरण के फाइनल में जगह बना ली है। प्रज्ञाननंदा का फाइनल में मुकाबला खिताब के प्रबल दावेदार और मौजूदा चैंपियन अमेरिका के फैबियानो कारुआना से होगा।
प्रज्ञानानंदा ने सेमीफाइनल की शुरुआत पहले क्लासिकल गेम में ड्रॉ के साथ की थी। इसके बाद दूसरे क्लासिकल गेम में उन्होंने कीमर को हराकर बढ़त हासिल की। रैपिड फॉर्मेट में प्रज्ञानानंदा ने दोनों गेम जीते और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
यह भी पढ़ें: पिता वीरेंद्र सहवाग की तरह बैकफुट पंच, स्क्वेयर ड्राइव... DPL में छाए आर्यवीर
ब्लिट्ज में कीमर ने हार का अंतर कम किया
भारतीय खिलाड़ी ने दूसरा क्लासिकल गेम जीतने के बाद अंतिम दिन से पहले छह अंकों की बड़ी बढ़त हासिल कर ली थी। उन्होंने लगातार दो रैपिड मुकाबलों में कीमर को हराकर 17-3 की अजेय बढ़त हासिल करके फाइनल में एंट्री ली। इसके बाद ब्लिट्ज के पहले गेम में एक और जीत ने उनके अंकों की संख्या 19 तक पहुंचा दी। कीमर ने आखिरी तीन ब्लिट्ज गेम जीतकर वापसी की लेकिन इससे हार का अंतर ही कम हुआ।
उधर कैरुआना ने ब्लिट्ज गेम में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर 18-9 से जीत हासिल की। इस अमेरिकी खिलाड़ी ने मौकों का पूरा फायदा उठाया और अपने हमवतन खिलाड़ी वेस्ली सो को हराया।
यह भी पढ़ें: 'वैभव टेस्ट टीम में जगह बनाएगा...' राहुल द्रविड़ का बड़ा बयान
विजेता को मिलेंगे करीब 1 करोड़ 91 लाख रुपये
GCT फाइनल्स की कुल पुरस्कार राशि 4 लाख 50 हजार अमेरिकी डॉलर है, जिसमें से 2 लाख अमेरिकी डॉलर (लगभग 1 करोड़ 91 लाख भारतीय रुपये) विजेता को मिलेंगे। फाइनल में हारने वाले खिलाड़ी को 1 लाख 25 हजार अमेरिकी डॉलर (लगभग 1 करोड़ 19 लाख भारतीय रुपये) मिलेंगे। तीसरे स्थान के लिए होने वाले प्ले-ऑफ में कीमर का मुकाबला वेस्ली सो से होगा। यहां टॉप पर रहने वाले तीन खिलाड़ी अगले साल होने वाले ग्रैंड चेस टूर के लिए सीधे क्वालीफाई करेंगे।