रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन के पहले राउंड में छत्तीसगढ़ का सामना सौराष्ट्र से हो रहा है। राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में छत्तीसगढ़ के युवा तेज गेंदबाज देव आदित्य सिंह ने अपनी धारदार गेंदबाजी से सनसनी मचा दी है। 22 साल के देव आदित्य ने 25 ओवर में 67 रन देकर 6 विकेट लिए, जिससे छत्तीसगढ़ ने सौराष्ट्र की पहली पारी 392 पर समेट दी।
सौराष्ट्र ने पहले दिन स्टंप्स तक 4 विकेट के नुकसान पर 308 रन बना लिए थे।
रवींद्र जडेजा
(72) और प्रेरक मांकड़ (92) दोनों शतक के करीब थे। मांकड़ ने सोमवार को अपनी पारी सहजता से आगे बढ़ाई और अपनी सेंचुरी पूरी की। उन्होंने और जडेजा ने पहले घंटे के खेल में सौराष्ट्र को 350 के पार पहुंचा दिया। मेजबान टीम विशाल स्कोर की तरफ कदम बढ़ा चुकी थी, तभी रुद्र देहारी ने मांकड़ (129) को आउट कर छत्तीसगढ़ को बड़ी सफलता दिला दी। अपने अगले ओवर में उन्होंने सम्मर गज्जर (1) को पवेलियन का रास्ता दिखाया।
इसके बाद देव आदित्य ने कहर बरपाया और लगातार 3 ओवर में 3 विकेट लेकर सौराष्ट्र का स्कोर 375/9 कर दिया। जडेजा एक छोर पर टिके हुए थे लेकिन वह भी अपना शतक पूरा करते ही धर्मेंद्र सिंह जडेजा का शिकार बन गए। इस तरह सौराष्ट्र की टीम 356/4 के स्कोर से 400 के नीचे सिमट गई। जडेजा 102 रन बनाकर आउट हुए। देव आदित्य ने मैच के पहले दिन भी कमाल की गेंदबाजी करते हुए सौराष्ट्र के टॉप ऑर्डर के 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा था।
यह भी पढ़ें: ऋषभ पंत न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरुआती दो मैचों से बाहर, कुमार कुशाग्र को मिला मौका
कौन हैं देव आदित्य सिंह?
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज देव आदित्य छत्तीसगढ़ के लिए तीनो फॉर्मेट में डेब्यू कर चुके हैं। 6 नवंबर, 2003 के रोज छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में जन्मे इस खिलाड़ी ने इसी साल रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया था। उन्होंने जनवरी में दिल्ली के खिलाफ अपने फर्स्ट क्लास करियर की शुरुआत करते हुए 3 विकेट चटकाए थे। साथ ही उन्होंने पहली पारी में 29, जबकि दूसरी पारी में 15 रन का योगदान दिया था। हैदराबाद के खिलाफ अगले मैच में उन्होंने 2 विकेट झटके और फिर दूसरी पारी में नाबाद 79 रन की पारी खेल छत्तीसगढ़ को हार से बचाया था।
देव आदित्य को पिछले साल चेन्नई स्थित MRF पेस बॉलिंग फाउंडेशन में फुल-टाइम ट्रेनी के तौर पर चुना गया था। लगातार 140 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंद डालने की उनकी काबिलियत ने उन्हें 40 उम्मीदवारों में से शॉर्टलिस्ट हुए 12 गेंदबाजों में जगह दिलाई थी।
यह भी पढ़ें: तुषार देशपांडे ने रणजी ट्रॉफी में ली हैट्रिक, 7 ओवर में चंडीगढ़ की आधी टीम समेटी
रणजी ट्रॉफी का मौजूदा सीजन शुरू होने से पहले देव आदित्य के नाम 2 फर्स्ट क्लास मैचों में 5 विकेट और 139 रन थे। सौराष्ट्र के खिलाफ 6 विकेट लेने के बाद फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके विकेटों की संख्या 11 पहुंच गई है। देव आदित्य के व्हाइट बॉल के आंकड़े भी जबरदस्त हैं। वह महज 4 लिस्ट-ए मैचों में 10 विकेट ले चुके हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ के लिए 2 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम 2 विकेट दर्ज हैं।