इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का पहला क्वालिफायर मुकाबला मंगलवार (26 मई) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेला गया। धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में हुए इस मैच में RCB ने 92 रन से धमाकेदार जीत दर्ज कर फाइनल में एंट्री ले ली है। वहीं GT को अब अहमदाबाद का टिकट कटाने के लिए मुल्लांपुर में क्वालिफायर 2 खेलना पड़ेगा।
GT ने टॉस जीतकर RCB को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया था। रजत पाटीदार ने 33 गेंद में नाबाद 93 रन की तूफानी पारी खेल RCB को 254/5 के स्कोर तक पहुंचाया, जिसके जवाब में GT की टीम महज 162 रन पर ही सिमट गई।
यह भी पढ़ें: IPL खेल रहे राशिद खान को टेस्ट मैच में आराम, शहीदी के हाथ में अफगान टीम की कमान
पावरप्ले में ही हार गई GT
विशाल टारगेट का पीछा करने उतरी GT की शुरुआत बेहद खराब रही। साई सुदर्शन (14) दुर्भाग्यपूर्ण रूप से हिट विकेट आउट हुए। शुभमन गिल (2) को भुवनेश्वर कुमार ने क्लीन बोल्ड किया तो जोस बटलर (29) का ऑफ स्टंप जोश हेजलवुड ने उड़ाया। पावरप्ले का आखिरी ओवर लेकर आए रसिख सलाम डार ने पहली 4 गेंद में निशांत सिंधु (5) और जेसन होल्डर (0) को आउट कर GT की बड़ी हार तय कर दी। इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे राहुल तेवतिया ने 43 गेंद में 68 रन बनाकर GT को शर्मसार होने से बचाया। तेवतिया 19वें ओवर में आउट हुए।
RCB की ओर से जैकब डफी ने 4 ओवर में 39 रन देकर 3 विकेट लिए। भुनेश्वर, रसिख सलाम और क्रुणाल पंड्या को 2-2 सफलता मिली। हेजलवुड के खाते में 1 विकेट रहा।
यह भी पढ़ें: धर्मशाला में रजत पाटीदार ने मचाई तबाही, RCB ने तहस-नहस किया प्लेऑफ रिकॉर्ड
पाटीदार का कैच छोड़ना GT को पड़ा भारी
इससे पहले RCB को वेंकटेश अय्यर (19) ने तेज शुरुआत दिलाई लेकिन उन्हें दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर कैगिसो रबाडा ने चलता कर दिया। इसके बाद विराट कोहली (43) और देवदत्त पडिक्कल (30) ने दूसरे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी कर RCB को शुरुआती झटके से उबारा। हालांकि जेसन होल्डर ने 9वें ओवर में दोनों को आउट कर RCB की पारी पर ब्रेक लगा दिया। GT अब मुकाबले पर पकड़ बनाती दिख रही थी, तभी उसने पाटीदार को दो-दो जीवनदान दे दिए। यह मुकाबले में टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।
पाटीदार ने जीवनदान मिलने के बाद क्रुणाल के साथ मिलकर GT के गेंदबाजों की चौतरफा धुनाई कर डाली। क्रुणाल ने 43 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद भी पाटीदार नहीं रुके और 33 गेंद में 93 रन की हाहाकारी पारी खेल RCB को मैच विनिंग टोटल तक पहुंचा दिया। उन्होंने 5 चौके और 9 छक्के लगाए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।