विवादों में चल रहे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के तेज गेंदबाज यश दयाल ने गुपचुप तरीके से शादी रचा ली है। यश दयाल ने कंटेंट क्रिएटर श्वेता पुंढीर को अपना हमसफर बनाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों ने 4 फरवरी को नोएडा में एक निजी समारोह में सात फेरे लिए। इस शादी को इतना सीक्रेट रखा गया था कि इसमें यश दयाल और श्वेता के परिवार और करीबी दोस्तों के अलावा किसी को नहीं बुलाया गया था। मीडिया को भी एंट्री नहीं थी। क्रिकेट जगत से भी किसी के शामिल होने की खबर नहीं है।
यौन शोषण के आरोपों में घिरे हैं यश दयाल
यश दयाल IPL 2025 के बाद से मैदान से दूर हैं। वह यौन शोषण के आरोपों का सामना कर रहे हैं। IPL 2025 के बाद गाजियाबाद की एक महिला ने दयाल पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। महिला ने अपनी पुरानी फोटो और पुरानी चैट शेयर करते हुए आरोप लगाया था कि दयाल ने शादी का झांसा देकर पांच साल तक उसका भावनात्मक और शारीरिक शोषण किया। इसके बाद दयाल के खिलाफ केस दर्ज हुआ था।
यह मामला शांत भी नहीं हुआ था कि दयाल पर जयपुर में भी एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म का केस दर्ज हो गया। आरोप है कि दयाल ने क्रिकेट करियर में मदद करने की आड़ में 17 साल की लड़की के साथ 2023 में दुष्कर्म किया था। उन पर जयपुर के सांगानेर सदर थाने में POCSO एक्ट के तहत FIR दर्ज हुआ। दयाल ने इस मामले में अग्रिम जमानत की याचिका दी थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया था। हालांकि अगले महीने ही कोर्ट ने कुछ शर्तों के साथ गिरफ्तारी पर रोक लगा दी।
यह भी पढ़ें: विराट कोहली की महानता में रोड़ा बना यह पाकिस्तानी, अब लिया क्रिकेट के संन्यास
कौन हैं श्वेता पुंढीर?
श्वेता पुंढीर दिल्ली की रहने वाली हैं। वह सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और व्लॉगर हैं। उन्होंने इंटरकॉन्टिनेंटल लीजेंड्स लीग में ब्रॉडकास्टर के तौर पर भी काम किया है। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 5.87 लाख फॉलोअर्स हैं। श्वेता ने 14 मार्च को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यश दयाल के साथ एक रील शेयर किया, जिसके बाद उनके रिश्ते का खुलासा हुआ।
यह भी पढ़ें: 'संजू पावरप्ले में ही मैच...' गंभीर ने बताया सैमसन की वापसी की इनसाइड स्टोरी
IPL 2026 में खेलेंगे दयाल?
यश दयाल पर लगे गंभीर आरोपों के बावजूद RCB ने आगामी सीजन के लिए उन्हें रिटेन किया था। इस फैसले के बाद RCB को काफी आलोचना हुई थी। हालांकि RCB ने इस मामले पर कोई बयान नहीं दिया। IPL 2026 शुरू होने में कुछ ही दिन बचे हैं लेकिन दयाल के अभी भी फ्रेंचाइजी के साथ जुड़ने की खबर नहीं है।