रिटायरमेंट की अटकलों के बीच
रोहित शर्मा
ने रविवार (19 जुलाई) को लॉर्ड्स में 138 रन ठोक दिए। उन्होंने अपनी पारी में 110 गेंद का सामना किया और 17 चौके और 5 छक्के लगाए। हालांकि उनकी पारी टीम इंडिया के काम नहीं आ सकी। इंग्लैंड के 387 रन के जवाब में भारतीय टीम 360 रन तक ही पहुंच सकी। मेजबान इंग्लैंड ने 27 रन से जीत दर्ज सीरीज 2-1 से अपने नाम कर लिया।
भारत की ओर से रोहित के अलावा कप्तान
शुभमन गिल
(77) और
विराट कोहली
(74) ने भी अर्धशतकीय पारियां खेली लेकिन जब रन गति बढ़ाने की जरूरत थी, तब वे चूक गए। ईशान किशन (14) और श्रेयस अय्यर के विकेट 3 गेंद के अंतराल में गिरे, जिससे टीम इंडिया रन चेज में पिछड़ गई और यूनाइटेड किंगडम दौरे से सिर्फ एक जीत के साथ लौटी।
यह भी पढ़ें: यूपी-पंजाब में आए सबसे अधिक डोपिंग के मामले, खेल मंत्री का खुलासा
अभी रिटायर नहीं होना चाहते रोहित?
भारत और इंग्लैंड के बीच गुरुवार (16 जुलाई) को कार्डिफ में खेले गए दूसरे वनडे के बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि रोहित जल्द ही रिटायरमेंट ले सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि लॉर्ड्स वनडे उनका आखिरी इंटरनेशनल मैच हो सकत है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेलेक्टर्स अब उनकी जगह
यशस्वी जायसवाल
को आजमाना चाहते हैं।
रोहित ने लॉर्ड्स में शतकीय पारी खेलने के बाद इन अफवाहों पर कहा कि उन्हें इन सब बातों से कोई फर्क नहीं पड़ता। रोहित ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को दिए इंटरव्यू में कहा, 'जब से मैंने डेब्यू किया, तब से यह शोर हमेशा रहा है और जब तक मैं यहां हूं, तब तक यह चलता रहेगा। इन सब चीजों से मुझे ज्यादा फर्क नहीं पड़ता। मेरे लिए सबसे अहम बात यह है कि मैं मैदान पर क्या करता हूं और टीम की सफलता में कितना योगदान देता हूं। फिलहाल मेरा पूरा फोकस सिर्फ उसी पर है।'
यह भी पढ़ें: 13वीं बार यूरोपीय टीम बनी चैंपियन, FIFA वर्ल्ड कप जीतने वाले देशों की फुल लिस्ट
बाहरी शोर पर क्या बोले रोहित?
उन्होंने यह भी माना कि बाहरी शोर नहीं होंगे तो मजा भी नहीं आएगा। उन्होंने कहा, 'शोर होने दीजिए। अगर शोर नहीं होगा तो मजा भी नहीं आएगा। मेरा काम मैदान के अंदर है, बाहर क्या कहा जा रहा है, वह दूसरों का काम है। मैं इसे इसी नजरिए से देखता हूं।'
BCCI ने इस इंटरव्यू का वीडियो अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया है, जिसमें रोहित अपने रिटयारमेंट की अफवाहों पर विराम लगाते दिख रहे हैं। हालांकि खतरा अभी भी टला नहीं हैं।
फिटनेस अच्छा लेकिन लाइन में हैं यशस्वी
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित ने ऑस्ट्रेलिया दौरे का समापन भी शतक के साथ किया था। अब उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के आखिरी मैच में सेंचुरी ठोक 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलने की अपनी उम्मीदों को जीवित रखा है। 39 साल के रोहित ने अपनी फिटनेस पर भी काफी मेहनत की है, जिससे पता चलता है कि वह हर हाल में आगामी वर्ल्ड कप में उतरना चाहते हैं। हालांकि उम्र अब उनके साथ नहीं है।
इसका बड़ा उदाहरण लॉर्ड्स में ही देखने को मिला। रोहित लंबी पारियां खेलने के लिए जाने जाते हैं। मगर लॉर्ड्स में वह शतक पूरा करते ही हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझते दिखे। अब वह उम्र के जिस पड़ाव में हैं, उसमें ऐसी इंजरी आम है। रोहित शायद ही अब बिना किसी परेशानी के कभी बड़ी पारी खेल पाएंगे। ऐसे में यशस्वी जायसवाल जैसे नए खिलाड़ी को भी समय-समय पर आजमाया जा सकता है, जो पिछले 3 वनडे मुकाबलों में 2 शतक जड़ चुके हैं।
कभी भी आ सकता है रोहित का रिटायरमेंट
भारत की अगली वनडे सीरीज सितंबर में वेस्टइंडीज से है। इस सीरीज में संभवत: रोहित का रिटायरमेंट आ सकता है, क्योंकि उनके वर्ल्ड कप में खेलने की संभावना बेहद कम नजर आ रही है। वर्ल्ड कप तक रोहित 40 की उम्र को पार कर चुके होंगे। ऐसे में यशस्वी को इस ग्लोबल इंवेंट में कप्तान शुभमन गिल के साथ ओपनिंग करते हुए देखा जा सकता है।
यशस्वी को भी तैयार होने के लिए कुछ मैच चाहिए, जिसे देखते हुए वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी घरेलू सीरीज में रोहित के रिटायरमेंट के आने की संभावना है। अगर उन्हें हेड कोच गौतम गंभीर का सपोर्ट मिलता है, तभी उनका करियर आगे खींच पाएगा।