स्पेन फुटबॉल का नया वर्ल्ड चैंपियन बन गया है। उसने FIFA वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अर्जेंटीना को 1-0 से हराया। न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में 19 जुलाई को खेले गये खिताबी मुकाबले में नियमित समय में कोई गोल नहीं हुआ था। इसके बाद मुकाबला एक्स्ट्रा टाइम में पहुंचा, जहां 106वें मिनट में फेरान टोरेस ने निर्णायक गोल दाग स्पेन को खिताब दिला दिया। इसके साथ ही वर्ल्ड कप ट्रॉफी एक बार फिर यूरोप लौटकर आ गया। 13वीं बार यूरोपीय टीम चैंपियन बनी है।
फाइनल में अर्जेंटीना की टीम बेरंग दिखी या यूं कहें तो स्पेन ने उसे कोई मौका ही नहीं दिया। स्पेन ने पूरे मुकाबले के दौरान लगातार हमले किए। उसने कुल 20 शॉट लगाए, जिसमें से 12 टारगेट पर थे। वहीं लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना टीम सिर्फ दो ही शॉट लगा सकी। इन दो शॉट्स में से एक भी टारगेट पर नहीं था। स्पेन ने पूरे मैच के दौरान अर्जेंटीना पर दबदबा बनाए रखा और दूसरी बार वर्ल्ड कप खिताब पर कब्जा किया। इससे पहले उसने 2010 में ट्रॉफी अपने नाम की थी।
अर्जेंटीना की टीम अपने खिताब का बचाव नहीं कर सकी। उसने 1978 और 1986 में चैंपियन बनने के बाद 2022 में मेसी की कप्तानी में खिताबी सूखा खत्म किया था। उसके पास ब्राजील के बाद लगातार दूसरा वर्ल्ड कप जीतने का मौका था लेकिन वह चूक गई।
यह भी पढ़ें: फाइनल में हार से बौखलाई अर्जेंटीना टीम, स्पेन के खिलाड़ियों को जमकर पीटा, VIDEO
फुटबॉल में दो महाद्वीपों का दबदबा
FIFA वर्ल्ड कप को दुनिया का सबसे बड़ा स्पोर्ट्स इवेंट माना जाता है लेकिन इस टूर्नामेंट में अभी तक सिर्फ यूरोपीय और साउथ अमेरिकी देशों का ही दबदबा रहा है। 96 सालों में अभी तक इन दो महाद्वीपों के बाहर का कोई देश खिताब छोड़िए, फाइनल तक भी नहीं पहुंच पाया है। फुटबॉल वर्ल्ड कप के 23 एडिशन हो चुके हैं और अफ्रीका-एशिया जैसे बड़े महाद्वीप को पहले खिताब की तलाश है। नीचे देखिए अब तक के विजेताओं की पूरी लिस्ट।
यह भी पढ़ें: नम आंखें, फैंस से माफी.... फाइनल में हार के बाद कुछ इस तर विदा हुए लियोनेल मेसी
सबसे ज्यादा FIFA वर्ल्ड कप जीतने वाले देश
- ब्राजील - 5
- जर्मनी - 4
- इटली - 4
- अर्जेंटीना - 3
- उरुग्वे - 2
- फ्रांस - 2
- स्पेन - 2