FIFA वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में स्पेन के हाथों 0-1 से मिली हार के साथ ही लियोनेल मेसी का लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने का सपना टूट गया। मैच से पहले न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में बैठे उनके फैंस के अलावा दुनिया के कोने कोने में देर रात टीवी के आगे नजरें गड़ाए बैठे करोड़ों प्रशंसकों की जुबां पर एक ही नाम था... मेसी लेकिन वर्ल्ड कप में सुनहरे सफर के आखिरी पड़ाव पर उनका चहेता यह सितारा बेनूर हो गया।
खेल के 106वें मिनट में फेरान टोरेस के गोल के दम पर स्पेन ने अर्जेंटीना को हराकर खिताब जीता। साउथ अमेरिकी
धुरंधर
से छिनकर यूरोपीय दिग्गज ने वर्ल्ड फुटबॉल की बादशाहत पर कब्जा कर लिया। ब्राजील (1958 और 1962) के बाद लगातार दो खिताब जीतने वाली पहली टीम बनने का सपना लेकर फाइनल में उतरी मेसी की अर्जेंटीना अपने अंदाज में नहीं दिखी और उसे हार का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें: FIFA वर्ल्ड कप में हार के बाद रो पड़े लियोनेल मेसी, क्या ले लिया संन्यास?
फैंस के सामने रोने लगे मेसी
आखिरी सीटी बजने पर मेसी की आंखों में नमी और चेहरे पर निराशा को सभी ने देखा। एक तरफ स्पेन के खिलाड़ी जश्न मना रहे थे तो दूसरी तरफ मेसी और उनकी टीम स्टेडियम के दक्षिणी छोर पर अर्जेंटीना के समर्थकों को धन्यवाद दे रही थी और शायद माफी भी मांग रही थी। अर्जेंटीना को फ्रांस के खिलाफ 2022 वर्ल्ड कप में खिताबी जीत और दो बार कोपा अमेरिका खिताब दिलाने वाली मेसी स्पेन का गोल होने के बाद सिर झुकाए और कमर पर हाथ रखकर स्तब्ध खड़े रहे।
बार्सिलोना और पेरिस सेंट जर्मेन के साथ 12 लीग और चार चैंपियंस लीग खिताब जीतने के बाद मेसी ने जब यूरोपीय फुटबॉल से विदा लेकर तीन साल पहले MLS का रुख किया तो लोगों को लगा कि वह रिटायर होकर अमेरिका में बस जाएंगे लेकिन वह एक बार फिर अर्जेंटीना को वर्ल्ड कप फाइनल तक ले गए, जिनमें उनके खाते में आठ गोल आए और चार असिस्ट रहे। वर्ल्ड कप में उनके 21 गोल हैं और शनिवार को तीसरे स्थान के मुकाबले में फ्रांस के किलियन एमबाप्पे (22 गोल) के आगे निकलने तक वह शीर्ष पर थे।
यह भी पढ़ें: फाइनल में हार से बौखलाई अर्जेंटीना टीम, स्पेन के खिलाड़ियों को जमकर पीटा, VIDEO
दुख को छिपाने की मेसी की नाकाम कोशिश
तीन वर्ल्ड कप फाइनल में शुरुआती मिनटों से खेलने वाले पहले खिलाड़ी बने मेसी के नाम 125 इंटरनेशनल गोल हैं और वह सिर्फ क्रिस्टियानो रोनाल्डो (146) से पीछे हैं। पेले और माराडोना की लीग में शामिल मेसी ने 2016 कोपा अमेरिका फाइनल में चिली के खिलाफ शूटआउट में मिली हार के बाद इंटरनेशनल फुटबॉल से विदा ले ली थी लेकिन 47 दिन बाद वापसी की और 2022 में अर्जेंटीना को तीसरी बार वर्ल्ड कप दिलाया।
स्पेन के खिलाड़ी आखिरी सीटी बजने के बाद मेसी को ढांढस बंधाने आए। मेसी मैदान पर बैठ गए और हाथ पीछे रखकर एकटक देखते रहे। रनर-अप मेडल लेने आए तो मुस्कुराने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। फिर अपने विचारों में खोए हुए, दुख को छिपाने की कोशिश करते मैदान के एक कोने के एक्जिट से चुपचाप बाहर चले गए। वर्ल्ड कप से शायद आखिरी बार।