टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल का बल्ला गरज रहा है। इंग्लैंड में 4 शतक लगाने के बाद अब शुभमन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दिल्ली टेस्ट में सेंचुरी ठोक दी है। इस शतक के साथ ही उन्होंने पूर्व कप्तान विराट कोहली के धांसू रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। शुभमन बतौर कप्तान एक कैलेंडर ईयर में 5 टेस्ट शतक लगाने के मामले में कोहली के बराबर खड़े हो गए हैं। कोहली ने 2017 और 2018 में 5-5 टेस्ट शतक लगाए थे।
विराट कोहली 2017 में 16 और 2018 में 24 पारियों में इस मुकाम तक पहुंचे थे। वहीं शुभमन ने इस साल सिर्फ 12 पारियां खेली हैं और 5 शतक जड़ दिए हैं। उनके पास अगले महीने साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में कोहली से आगे निकलने का मौका रहेगा।
एक कैलेंडर ईयर में 5 टेस्ट शतक लगाने वाले भारतीय कप्तान
- विराट कोहली - 2017 (16 पारियां)
- विराट कोहली - 2018 (24 पारियां)
- शुभमन गिल - 2025 (12 पारियां)
यह भी पढ़ें: यशस्वी जायसवाल या शुभमन गिल, रन आउट में आखिर किसकी गलती थी?
शुभमन का 10वां टेस्ट शतक
भारतीय कप्तान शुभमन गिल दिल्ली टेस्ट के पहले दिन (10 अक्टूबर) 20 रन पर नाबाद लौटे थे। उनके साथ क्रीज पर यशस्वी जायसवाल (नाबाद 173) थे। आज (11 अक्टूबर) सुबह दोनों ने 318/2 के स्कोर से भारतीय पारी को आगे बढ़ाई। दिन के दूसरे ओवर में यशस्वी रन आउट होकर पवेलियन लौटे। वह अपने कल के स्कोर में सिर्फ 2 ही रन जोड़ पाए। उनके जाने के बाद शुभमन ने नीतीश कुमार रेड्डी (43) के साथ चौथे विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी की।
नंबर-5 पर प्रमोट किए गए नीतीश लंच से पहले बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हुए। हालांकि इससे वेस्टइंडीज को राहत नहीं मिली। शुभमन ने विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल (44) के साथ पांचवें विकेट के लिए 102 रन की साझेदारी कर भारत को 500 के पार पहुंचाया। इस बीच उन्होंने अपना 10वां टेस्ट शतक पूरा किया। सेंचुरी के बाद शुभमन ने गियर बदला और चौके-छक्कों में डील किए। जुरेल भी बड़े शॉट लगा रहे थे। हालांकि छक्के से अपना अर्धशतक पूरा करने के प्रयास में वह कैरेबियाई कप्तान रोस्टन चेज की गेंद पर बोल्ड हो गए। उनके आउट होते ही भारतीय टीम ने 518/5 के स्कोर पर अपनी पारी घोषित कर दी।
यह भी पढ़ें: लिविंगस्टोन समेत इन खिलाड़ियों को रिलीज कर सकती है RCB
शुभमन 196 गेंद में 16 चौके और 2 छक्कों की मदद से 129 रन बनाकर नाबाद रहे। वेस्टइंडीज की ओर से जोमेल वॉर्रिकन ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके। वहीं रोस्टन चेज को जुरेल के रूप में एकमात्र सफलता मिली।