भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज
रोहित शर्मा
खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। 39 साल के हो चुके रोहित ने इंग्लैंड के खिलाफ गुरुवार (16 जुलाई) को दूसरे वनडे मुकाबले में 47 गेंद खेलकर 26 रन बनाए। वह क्रीज पर कभी भी सहज नहीं दिखे। ऐसा लगा कि उन्होंने अपना पुराना टच खो दिया है। भारत की पारी के 18वें ओवर में वह विल जैक्स का शिकार बने। रोहित ने बर्मिंघम में खेले गए 3 मैचों की इस वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में भी धीमी बल्लेबाजी की थी। वह 21 गेंद में सिर्फ 11 रन ही बना पाए थे।
दूसरे वनडे में भी जब वह संघर्ष करते दिखे, तब उनके संन्यास की खबरें सुर्खियां बटोरने लगीं। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि रोहित लॉर्ड्स में होने वाले तीसरे फॉर्मेट में संन्यास का ऐलान कर सकते हैं। खबरों के मुताबिक, अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली सेलेक्शन कमिटी ने उन्हें बता दिया है कि 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए अब
यशस्वी जायसवाल
जैसे युवा खिलाड़ियों को आजमाया जाएगा। इस बीच टीम इंडिया के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने कहा है कि रोहित न तो दबाव में हैं और न ही खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं, चर्चा का विषय बन गया है।
यह भी पढ़ें: 'दिन में 10 बार बात करते हैं,' कोटक ने कोहली-गंभीर के बीच अनबन को बताया अफवाह
रोहित की फॉर्म को खराब क्यों नहीं कहा जाए?
टीम इंडिया के कप्तान
शुभमन गिल
एक तरफ जहां शुरुआती ओवरों में तेजी से रन बटोर रहे हैं लेकिन रोहित फंसे-फंसे से दिख रहे हैं। वह बाउंड्री लगाना तो दूर स्ट्राइक रोटेट भी नहीं कर पाए रहे हैं। दूसरे वनडे मुकाबले में आउट होने से पहले उन्होंने लगातार 9 डॉट बॉल खेले, जो बताता है कि वह अपना लय खो चुके हैं और कितने दबाव में हैं। हालांकि कोटक अलग राय रखते हैं।
भारत की 4 विकेट से हार के बाद उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'मुझे नहीं लगता कि रोहित जैसे काबिल खिलाड़ी पर किसी तरह का दबाव पड़ेगा। वह इतने अच्छे खिलाड़ी हैं कि उन्हें ऐसा महसूस ही नहीं होगा। यह बात सही है कि उन्होंने दो मैचों में रन नहीं बनाए लेकिन मुझे नहीं लगता कि इससे कोई फर्क पड़ता है। आज भी ऐसा लग रहा था कि वह शायद अच्छी पारी खेलेंगे लेकिन यह कोई मसला नहीं है।'
कोटक ने यह जवाब तब दिया जब उनसे पूछा गया था कि क्या यशस्वी जायसवाल या ईशान किशन जैसे खिलाड़ियों को सीरीज खत्म होने के बाद वनडे में सलामी बल्लेबाज के तौर पर मौका मिल सकता है।
यह भी पढ़ें: नाबाद 99 रन ठोक भारत से छीनी जीत, विराट कोहली को पछाड़ नए चेज मास्टर बने जो रूट
तीसरे वनडे में बड़ी पारी खेलेंगे रोहित - कोटक
कोटक ने कहा कि रोहित संघर्ष नहीं कर रहे थे। वह बस डबल बाउंस से परेशान थे। उन्होंने रिपोर्टर्स से कहा, 'मैं यह नहीं कहूंगा कि वह संघर्ष कर रहे थे लेकिन शायद वह जिन शॉट्स को आमतौर पर ऊपर की ओर खेलते हैं, उन पर सहज महसूस नहीं कर रहे थे और ऐसा डबल बाउंस के कारण हो सकता है।' कोटक ने कहा कि शानदार बल्लेबाजों को भी अपनी लय हासिल करने में समय लग सकता है और उम्मीद जताई कि रोहित तीसरे वनडे में बड़ी पारी खेलने में सफल रहेंगे।
उन्होंने कहा, 'मैंने बहुत क्रिकेट खेला है और देखा है। मैंने कई बल्लेबाजों को देखा है कि एक दिन वे अपनी मनचाही लय हासिल नहीं कर पाते और ऐसा हो सकता है। हो सकता है कि आपको रविवार को लॉर्ड्स में रोहित शर्मा की बिल्कुल अलग पारी देखने को मिले।'