साउथ अफ्रीका ने केपटाउन में खेले गए तीसरे और निर्णायक टेस्ट मैच में धांसू कमबैक करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 176 रन से धूल चटा दी है। प्रोटियाज टीम ने पहली पारी के आधार पर 100 रन से पिछड़ने के बावजूद ऑस्ट्रेलिया के सामने 288 रन का मजबूत टारगेट रखा और मुकाबले के आखिरी दिन (31 अक्टूबर) कंगारू टीम को 111 पर ऑल आउट कर दिया। साइमन हार्मर ने 21.1 ओवर में सिर्फ 16 रन देकर 6 विकेट झटके। कैगिसो रबाडा ने 3 विकेट लिए।
रबाडा ने पांचवें दिन के पहले सेशन में ही ऑस्ट्रेलिया के टॉप-3 को निपटाकर साउथ अफ्रीका की जीत की राह आसान कर दी। इसके बाद हार्मर ने मिडिल ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया। लंच तक ऑस्ट्रेलिया ने 60 रन पर 7 विकेट गंवा दिए थे। दूसरे सेशन में कैमरन ग्रीन, नाथन लियोन और पैट कमिंस ने थोड़ा जुझारूपन दिखाया लेकिन हार्मर ने उनके आरमानों पर पानी फेर दिया। साउथ अफ्रीका ने 2-1 से सीरीज अपने नाम कर ली। उसकी इस जीत के बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) पॉइंट्स टेबल में उठा-पटक देखने को मिला है।
यह भी पढ़ें: 'जब मैटर बड़े होते हैं...' फाइनल में डक पर आउट हुए बाबर आजम, लोग क्या कह रहे?
साउथ अफ्रीका की जीत से यह टीम नंबर-1 बनी
WTC की मौजूदा चैंपियन साउथ अफ्रीकी टीम केपटाउन टेस्ट में जीत के बाद पॉइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर आ गई है। ऑस्ट्रेलिया को करारा झटका लगा है। कंगारू टीम ने नंबर-1 की कुर्सी गंवा दी है। वह फिसलकर तीसरे स्थान पर आ गई है। वहीं न्यूजीलैंड की टीम टॉप पर पहुंच गई है।
यह भी पढ़ें: सबसे तेज 350 टेस्ट विकेट... कैगिसो रबाडा ने तोड़ा डेल स्टेन का वर्ल्ड रिकॉर्ड
भारत कहां है?
भारतीय टीम चौथे नंबर पर है। वेस्टइंडीज के खिलाफ मीरपुर टेस्ट में बांग्लादेश की हार से टीम इंडिया को एक पायदान का फायदा हुआ है। बांग्लादेशी टीम पांचवें स्थान पर आ गई है। इंग्लैंड छठे नंबर पर है। इसके बाद श्रीलंका (सातवें), वेस्टइंडीज (आठवें) और पाकिस्तान (आखिरी स्थान) है।