उत्तर प्रदेश की स्प्रिंटर निपम ने इंटरनेशनल सर्किट में यादगार डेब्यू किया है। हॉन्ग कॉन्ग में हो रहे अंडर-20 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पहले दिन (28 मई) निपम ने ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया है। उन्होंने 100 मीटर की रेस में 11.62 सेकंड का समय निकाला। 18 साल की निपम ने धीमी शुरुआत के बाद अपनी गति बढ़ाते हुए तीसरे स्थान पर फिनिश किया।
निपम के नाम अंडर-20 महिला 100 मीटर का नेशनल रिकॉर्ड भी दर्ज है। उन्होंने इसी साल अप्रैल में एक घरेलू कम्पटीशन के दौरान 11.53 सेकंड का समय निकालकर यह रिकॉर्ड बनाया था। निपम ने तीसरे स्थान पर रहने के बाद कहा, 'मैं टीम के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीतकर बहुत खुश हूं।'
निपम नेशनल चार गुणा 100 मीटर रिले टीम की भी सदस्य हैं और उन्हें एक और मेडल जीतने का पूरा भरोसा है। कतर की 16 वर्षीय दाना नूर सलेम ने 11.47 सेकंड के समय के साथ गोल्ड जीता, जबकि चीन की 16 साल की शिनशुआन चेन ने 11.54 सेकंड के समय के साथ सिल्वर अपने नाम किया।
यह भी पढ़ें: सिंधु और लक्ष्य ने सिंगापुर ओपन के क्वार्टर-फाइनल में बनाई जगह, प्रणय बाहर
विकास कुमार मेडल से चूके
भारत के विकास कुमार मेडल जीतने से चूक गए। वह पुरुषों की 3,000 मीटर रेस में चौथे स्थान पर रहे। उन्होंने आठ मिनट 24.88 सेकंड का समय निकाला, जो उनका व्यक्तिगत बेस्ट प्रदर्शन है। महिलाओं की 400 मीटर हीट (शुरुआती दौर की रेस) में भारत की नीरू पाठक 54.42 सेकंड के समय के साथ आसानी से विजेता रहीं। तहूरा खातून अपनी हीट में 55.06 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। दोनों खिलाड़ी फाइनल के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं। हालांकि मोहम्मद अशफाक का दिन अच्छा नहीं रहा।
केरल के इस एथलीट ने पुरुषों की 400 मीटर सेमीफाइनल में 47.06 सेकंड के समय के साथ पांचवां स्थान हासिल किया और फाइनल में जगह नहीं बना पाए। पुरुषों की तारगोला फेंक इवेंट में भारत के आशुवेंद्र प्रताप सिंह (64.34 मीटर) और अमन (63.40 मीटर) क्रमशः सातवें और आठवें स्थान पर रहे।
यह भी पढ़ें: विनेश फोगाट को ट्रायल्स में नहीं उतरने देगा WFI? सुप्रीम कोर्ट का खटखटाया दरवाजा
डेकाथलॉन में मेडल ज्यादा दूर नहीं
डेकाथलॉन में भारत के मेडल जीतने की प्रबल संभावना है। दो दिन तक चलने वाली दस इवेंट्स की इस कठिन प्रतियोगिता के पहले दिन राहुल जाखड़ का प्रदर्शन शानदार रहा। राहुल ने 100 मीटर दौड़ में 10.70 सेकंड का समय निकालकर 929 अंक हासिल किए, जिसके बाद उन्होंने लंबी कूद में 6.77 मीटर की छलांग लगाकर 760 अंक बनाए।
इसके बाद उन्होंने गोला फेंक में 13.04 मीटर का बेस्ट थ्रो दर्ज कर 670 अंक अपने नाम किए और फिर ऊंची कूद में 1.93 मीटर के प्रयास से अपने कुल अंकों में 740 अंक और जोड़ लिए। दिन के आखिरी इवेंट 400 मीटर दौड़ में उन्होंने 50.25 सेकंड का समय निकालकर 803 और अंक हासिल किए।