न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 टी20 मैचों की सीरीज में भारतीय क्रिकेट टीम 3 मैच जीत चुकी है। चौथे मैच में उसे हार जरूर मिली लेकिन कई मामलों में टीम ने अच्छा खेला था। संजू सैमसन एक बार फिर से पारी नहीं खेल पाए थे। ऐसे में आखिरी टी20 मैच को उनके लिए भी आखिरी माना जा रहा है। अगर इस बार भी वह चूकते हैं तो वर्ल्ड कप में उनकी जगह भी संदेह में आ जाएगी। दूसरी तरफ चोट से उबर रहे अक्षर पटेल इस मैच में उतर सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो किसी एक खिलाड़ी को बाहर बैठना होगा।
विशाखापत्तनम में खेले गए चौथे टी20 मैच में भारत ने प्रयोग करते हुए पांच मुख्य गेंदबाजों को ही खिलाया और ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे से गेंदबाजी नहीं करवाई। भारत यह मैच हार गया था लेकिन इससे सीरीज के नतीजे पर कोई असर नहीं पड़ा क्योंकि भारतीय टीम पहले ही इसे अपने नाम कर चुकी थी। जैसा कि सीरीज के पहले तीन मैचों में देखा गया, भारत अपने गेंदबाजी विभाग में एक बार फिर फेरबदल कर सकता है। भारतीय टीम मैनेजमेंट पिछले दो मैचों में आराम देने के बाद मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को मौका दे सकता है।
संजू सैमसन के लिए आखिरी मौका
बल्लेबाजी विभाग में शायद ज्यादा बदलाव न हों लेकिन टीम मैनेजमेंट संजू सैमसन पर जरूर नजर रखेगा। अपनी बेखौफ बल्लेबाजी के लिए मशहूर सैमसन इस सीरीज में रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं। चौथे मैच में वह अच्छे टच में दिख रहे थे लेकिन एकदम सीधी आई गेंद पर बोल्ड हो गए। ऐसे में उनकी फॉर्म के बजाय उनकी तकनीकी कमजोरी चिंता का विषय बन गई है जिससे उनका आत्मविश्वास भी डगमगा गया है। वह 7 फरवरी से शुरू होने वाले विश्व कप से पहले बड़ी पारी खेलने के लिए बेताब होंगे।
यह भी पढ़ें: नकवी की गीदड़भभकी से उठा पर्दा, टी20 वर्ल्ड कप खेले बिना नहीं रह सकता पाकिस्तान
पांचवें टी20 मैच में संजू सैमसन अपने होम टाउन (तिरुवनंतपुरम) में खेलेंगे और यहां के अपने फैन्स के सामने शायद वह अपनी खोई हुई लय को फिर से प्राप्त कर लें। टीम के तिरुवनंतपुरम पहुंचने के बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से शेयर किए गए एक वीडियो से यह स्पष्ट हो गया कि वह देश के इस हिस्से में सुपरस्टार हैं। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव एयरपोर्ट से निकलते समय अपने ‘चेट्टा’ (बड़े भाई) के लिए मजाक में रास्ता साफ कर रहे हैं, जहां सैकड़ों फैन्स सैमसन और उनके साथियों की एक झलक पाने के लिए लाइन में खड़े थे।
ईशान किशन करेंगे वापसी?
ईशान किशन के रूप में भारतीय टीम के पास सैमसन का मजबूत विकल्प मौजूद है। उन्होंने इस सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया है लेकिन इस विकेटकीपर बल्लेबाज को अज्ञात चोट के कारण पिछले मैच से बाहर बैठना पड़ा था। ऑलराउंडर अक्षर पटेल भी नागपुर में खेले गए पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में उंगली में चोट लगने के बाद से नहीं खेले हैं। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने विशाखापत्तनम में खेले गए चौथे मैच से पहले नेट पर गेंदबाजी की थी।
यह भी पढ़ें: न्यूजीलैंड को टी20 सीरीज में मिली पहली जीत, विशाखापट्टनम में 50 रन से हारा भारत
भारत टी20 विश्व कप में अपना पहला मैच 7 फरवरी को मुंबई में खेलेगा और वह उससे पहले जीत हासिल करना चाहेगा। इस तरह से देखा जाए तो भारत इस मैच को औपचारिकता नहीं मानेगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ 4-1 की शानदार जीत से शैली, ताकत और गहराई से भरपूर टीम का आत्मविश्वास और भी बढ़ेगा। न्यूजीलैंड की टीम बिल्कुल यह नहीं चाहेगी कि ऐसा हो। उसकी टीम पहले तीन मैचों में भारत के आक्रामक रवैये के सामने बेबस नजर आई लेकिन विशाखापत्तनम में उन्होंने भारत के प्रमुख बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने में कामयाबी हासिल की।
न्यूजीलैंड लगाएगा जोर
अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार यादव को आउट करने के बाद, न्यूजीलैंड के गेंदबाज शिवम दुबे की तूफानी बल्लेबाजी के बावजूद बाकी बल्लेबाजों को रोकने में सफल रहे। अब उन्हें पता चल गया है कि यह भारतीय टीम अजेय नहीं है और 3-2 का अंतर उन्हें आगामी बड़े मुकाबलों से पहले मानसिक रूप से मजबूत करेगा। तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम में ढेरों रन बनते रहे हैं। भारत ने यहां खेले गए अपने चार टी20 मैचों में से तीन जीते हैं, जिसमें 2017 में न्यूजीलैंड के खिलाफ जीता गया एक मैच भी शामिल है लेकिन जैसा कि न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा, 'कीवी टीम अब जानती है कि भारत को हराने के लिए क्या करना जरूरी है। ऐसे में यहां एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा।'
बता दें कि सलामी बल्लेबाज टिम साइफर्ट के टीम में शामिल होने से न्यूजीलैंड के टॉप ऑर्डर को काफी मजबूती मिली है। उधर न्यूजीलैंड की टीम गेंदबाजी में भी सुधार की उम्मीद कर रही होगी। उसके प्रमुख तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन टीम में शामिल हैं लेकिन वह अंतिम एकादश में जगह बना पाते हैं या नहीं, यह उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा।