साउथ जोन के कप्तान
तिलक वर्मा
दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में 1 रन से शतक से चूक गए हैं। तिलक मुकाबले के चौथे दिन (9 सितंबर) 56 रन से अपनी पारी को आगे बढ़ाते हुए सेंचुरी की दहलीज पर पहुंच गए थे लेकिन आखिर में वह जल्दबाजी कर बैठे। उन्होंने साउथ जोन की पारी के 107वें ओवर में मुकेश कुमार की पहली गेंद पर चौका लगाने के बाद सिंगल लिया, जिससे वह 99 रन के निजी स्कोर पर आ गए। अब स्ट्राइक पर मोहम्मद सिराज आए, जिन्हें मुकेश ने LBW आउट कर दिया।
इसके बाद क्रीज पर 11वें नंबर के बल्लेबाज एमडी निधीश आए। उन्होंने किसी तरह मुकेश की बची हुई तीन गेंदों को खेलकर निकाला, जिससे अगले ओवर में स्ट्राइक तिलक के पास आई गई और उन्हें शतक पूरा करने का सुनहरा मौका मिला लेकिन वह ईस्ट जोन के ऑफ स्पिनर मोहम्मद कोनैन कुरैशी को रिटर्न कैच दे बैठे।
तिलक 211 गेंद में 99 रन बनाकर आखिरी विकेट के रूप में आउट हुए। इस तरह साउथ जोन की पहली पारी 336 पर सिमटी। ईशान किशन की कप्तानी वाली ईस्ट जोन ने अपनी पहली पारी में 708 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। उसे 372 रन की भारी भरकम बढ़त मिली।
यह भी पढ़ें: यशस्वी नंबर-1, ऋतुराज... एशियन गेम्स में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले 5 भारतीय
ईशान की टीम का चैंपियन बनना तय
दलीप ट्रॉफी के खिताबी मुकाबले में अभी 5 सेशन का खेल बचा हुआ है लेकिन नतीजा निकलता नहीं दिखाई दे रहा है। ईस्ट जोन की टीम ने फॉलोऑन न देकर दूसरी पारी में बैटिंग करने का फैसला किया है। ऐसे में अब पूरी संभावना है कि मुकाबला ड्रॉ पर खत्म होगा। मैच ड्रॉ होने पर ईस्ट जोन को पहली पारी की बढ़त के आधार पर विजेता घोषित कर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: 28 चौके-छक्के... शेर-ए-पंजाब टी20 लीग नमन धीर की आंधी, 63 गेंद में ठोके 173 रन
ईशान किशन (270) के दोहरे शतक और कुमार कुशाग्र (101) के शतक की मदद से ईस्ट जोन ने पहली पारी में बड़ा टोटल बनाया। शिखर मोहन (85), अभिमन्यु ईश्वरन (73), अनुकूल रॉय (45) और
वैभव सूर्यवंशी
(44) ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। शिखर मोहन ने गेंद से भी कमाल दिखाते हुए 2 विकेट झटके। मुकेश कुमार ने साउथ जोन के 3 बल्लेबाजों का शिकार किया। मोहम्मद शमी और कुरैशी को 2-2 सफलता मिली।