कर्नाटक की ऑलराउंडर काशवी कंदिकुप्पा (उमा काशवी) महिला प्रीमियर लीग WPL में शामिल होने वाली सबसे कम उम्र की क्रिकेटर बन गई हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने 15 साल की उमा काशवी पर 10 लाख रुपये खर्च किए हैं। इसी के साथ वह महिला प्रीमियर लीग के इतिहास में बिकने वाली सबसे युवा खिलाड़ी बन गईं। इस ऑक्शन के बाद उमा काशवी ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) का शुक्रिया अदा किया।
उमा काशवी ने हरियाणा की दीया यादव का रिकॉर्ड तोड़ा, जो पिछले साल 16 साल की उम्र में दिल्ली कैपिटल्स (DC) से जुड़ी थीं। वह आईपीएल के सबसे युवा क्रिकेटर
वैभव सूर्यवंशी
से भी कम उम्र की हैं। हालांकि, वैभव सूर्यवंशी को 14 साल की उम्र में राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल के लिए साइन किया था।
यह भी पढ़ें: ‘भैया, खेलूंगा भी वैसे ही’, वैभव ने नेट में अभिषेक शर्मा से क्यों कही थी ये बात?
BCCI महिला अंडर-15 वन-डे टूर्नामेंट से चर्चा में
काशवी कंदिकुप्पा दाएं हाथ से बल्लेबाजी करती हैं और ऑफ-स्पिन गेंदबाजी करती हैं। वह हाल ही में हुए BCCI महिला अंडर-15 वन-डे टूर्नामेंट में चर्चा में आईं, जहां उन्होंने 172 की औसत से 516 रन बनाए। इसमें तीन शतक और एक अर्धशतक शामिल था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, काशवी ने कर्नाटक में 530 मैचों में 13,000 से ज्यादा रन बनाए हैं, जिसमें 24 शतक और 68 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने कर्नाटक की अंडर-19 टीम की कप्तानी की है और 'महारानी ट्रॉफी' में बेंगलुरु ब्लास्टर्स को लीड भी किया है।
उनकी उपलब्धियों में महिला अंडर-19 T20 ट्रॉफी जीतना, महिला अंडर-19 वन-डे ट्रॉफी के सेमीफाइनल तक पहुंचना और कर्नाटक महिला लीग का खिताब साझा करना शामिल है।
जून-जुलाई 2026 में श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के दौरान, उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से योगदान दिया। उन्होंने वन-डे और T20 फॉर्मेट में खेले गए पांच मैचों में से चार में विकेट लिए।
साढ़े सात साल की उम्र से खेल रही हैं क्रिकेट
काशवी ने साढ़े सात साल की उम्र में अपने घर के पास एक अकादमी में क्रिकेट खेलना शुरू किया था। उनकी शुरुआती ट्रेनिंग फिटनेस पर केंद्रित थी। बाद में NICE एकेडमी जाने से उन्हें बेहतर मौके और अनुभव मिले। इससे पहले उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ ट्रेनिंग की है। उन्होंने बताया कि उनका अनुभव से उन्होंने सीखा कि आक्रामक रवैया अपनाना और खुद पर भरोसा रखना कितना महत्वपूर्ण है।