कानपुर के क्रिकेट फैंस को निराश कर देने वाली खबर आई है। उत्तर प्रदेश टी20 लीग के आयोजकों ने फैसला लिया है कि कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में इस सीजन के प्लेऑफ मुकाबले नहीं खेले जाएंगे। फाइनल सहित प्लेऑफ मैचों को लखनऊ शिफ्ट कर दिया गया है। लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लीग का पहला चरण खेल गया था। इसके बाद लीग का दूसरा चरण और प्लेऑफ कानपुर में होना था लेकिन आयोजकों ने प्लेऑफ को लखनऊ में कराने का फैसला किया है।
लखनऊ क्यों शिफ्ट हुआ प्लेऑफ?
कानपुर में हो रही लगातार बारिश को देखते हुए प्लेऑफ को लखनऊ शिफ्ट किया गया है। UP टी20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ संजय कपूर ने ग्रीन पार्क स्टेडियम में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कानपुर में लगातार बारिश से मैचों को पूरा कराना संभव नहीं हो पा रहा है, जिसके कारण खेल और खिलाड़ियों की प्रतिभाओं पर असर पड़ रहा है। ऐसे में प्लेऑफ जैसे महत्वपूर्ण और निर्णायक मैचों में सभी टीमों को पूरे 20 ओवर खेलने का समान अवसर मिलना बहुत जरूरी है।
यह भी पढ़ें: US ओपन में कार्लोस अल्काराज की धमाकेदार वापसी, आर्यना सबालेंका भी जीतीं
संजय कपूर ने बताया कि आने वाले दिनों में मौसम के पूर्वानुमान का अवलोकन किया गया, जिसमें कानपुर में लगातार बारिश दिखाई दे रही थी। इसलिए परिस्थितियों को देखते हुए प्लेऑफ के मैच और फाइनल को लखनऊ शिफ्ट करने का फैसला बड़े भारी मन से लिया गया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के हित, सभी टीमों को समान और खेल के लिए बेहतर स्थितियां देना और मैचों की गुणवत्ता बनाए रखना लीग मैनेजमेंट की पहली प्राथमिकता है।
किसी एक टीम के पक्ष में नहीं है यह फैसला - संजय कपूर
संजय कपूर ने कहा कि प्लेऑफ को लखनऊ शिफ्ट करने का फैसला किसी एक टीम के पक्ष या विपक्ष में नहीं, बल्कि खेल की निष्पक्षता और खिलाड़ियों के हित में लिया गया है। कानपुर में लगातार बारिश के कारण गीली आउटफील्ड से खिलाड़ियों के लिए चोट का जोखिम बढ़ सकता है। उन्होंने आगे कहा कि मौसम के कारण मैचों के बार-बार बाधित होने और देर रात तक छोटे फॉर्मेट में मुकाबले समाप्त होने से खिलाड़ियों पर पड़ने वाली शारीरिक एवं मानसिक थकान को भी ध्यान में रखा गया है।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान क्रिकेट में भूचाल... PCB ने बीच सीरीज में बदल दी टीम, 7 खिलाड़ी बाहर
संजय कपूर ने कहा कि हमारी निगाह में प्लेऑफ में पहुंचने वाली सभी टीमों को अपनी पूरी क्षमता के साथ प्रदर्शन करने के लिए बेहतर स्थितियां मिलनी चाहिए। उनका मानना है कि लीग मैनेजमेंट प्लेऑफ जैसे महत्वपूर्ण मैचों में खिलाड़ियों को पूरे 20 ओवर खेलने का मौका देना चाहता है। उन्होंने आगे बताया कि प्लेऑफ मैचों और फाइनल की तारीखें नहीं बदली गई हैं। सभी मैच पूर्व निर्धारित तारीखों पर लखनऊ में आयोजित होंगे।