चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के विस्फोटक बल्लेबाज उर्विल पटेल ने रविवार (10 मई) को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ आतिशी अर्धशतकीय पारी खेली। उर्विल ने चेपॉक के मैदान पर धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए महज 13 गेंद में अर्धशतक जड़ दिया। यह संयुक्त रूप से IPL इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक रहा। इससे पहले यशस्वी जायसवाल ने IPL 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ इतनी ही गेंदों में पचासा ठोका था।
204 रन के चेज में चौथे ओवर में बल्लेबाजी करने उतरे उर्विल ने आते ही धमाकेदार बल्लेबाजी की और आवेश खान के खिलाफ लगातार 3 छक्के जड़े। इसके बाद पावरप्ले के आखिरी ओवर में उन्होंने दिग्वेश राठी को राडार पर लिया और उनकी 5 गेंदों में 3 छक्के और 1 चौका जड़ा। उर्विल 9 गेंद में ही 42 रन तक पहुंच गए थे। उन्होंने पावरप्ले की समाप्ति के बाद मोहम्मद शमी के खिलाफ छक्का जड़ा और फिर ओवर की आखिरी गेंद पर सिंगल लेकर 13 गेंद में फिफ्टी पूरा कर इतिहास रच दिया।
यह भी पढ़ें: जयपुर में लगातार हार रही है राजस्थान रॉयल्स, IPL 2026 में डूबेगी नैया?
उर्विल ने पर्ची पर क्या लिखा था?
दाएं हाथे के विकेटकीपर बल्लेबाज उर्विल ने धमाकेदार अर्धशतक जड़ने के बाद अनोखे अंदाज में जश्न मनाया। उन्होंने पहले दोनों हाथ जोड़कर ईश्वर को धन्यवाद दिया और फिर जेब से एक पर्ची निकाली, जिसमें लिखा था, 'यह आपके लिए है पापा।' इसके अलावा उर्विल ने गुजराती में भी खास मैसेज लिखा था।
यह भी पढ़ें: विजय के शपथग्रहण समारोह में पहुंचे CSK स्टार अंशुल कम्बोज? आर अश्विन ने लिए मजे
CSK के लिए खेली दूसरी सबसे तेज पारी
पचासा लगाने के बाद भी उर्विल ने शाहबाज अहमद के खिलाफ चौका और फिर छक्का लगाया। हालांकि 9वें ओवर में वह इसी लेफ्ट आर्म स्पिनर का शिकार बन गए। उन्होंने 23 गेंद में 282.6 के स्ट्राइक रेट से 65 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 2 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। यह CSK के लिए दूसरी सबसे तेज पारी रही। इस मामले में सुरेश रैना नंबर-1 पर हैं, जिन्होंने IPL 2014 में पंजाब किंग्स के खिलाफ 25 गेंद में 87 रन जड़े थे। रैना का स्ट्राइक रेट 348 का रहा था।