तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के संस्थापक जोसेफ विजय ने रविवार (10 मई) को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। विजय का शपथग्रहण समारोह जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम में रखा गया था। इस समारोह के दौरान चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के स्टार तेज गेंदबाज अंशुल कम्बोज के हमशक्ल की तस्वीर वायरल हो गई। दरअसल, विजय जब शपथ ले रहे थे, तब उनके पास खड़े एक सिक्योरिटी पर्सनल ने सबका ध्यान खींच लिया। उस शख्स की शक्ल कम्बोज से मिलती-जुलती थी।
सोशल मीडिया पर लोग लिखने लगे कि कम्बोज यहां क्या कर रहे हैं। उन्हें आज का मैच नहीं खेलना है क्या? विजय के शपथग्रहण समारोह वेन्यू से कुछ ही दूर चेपॉक स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का हाई-वोल्टेज मैच होना था। ऐसे में कम्बोज से मिलते-जुलते सिक्योरिटी पर्सनल की तस्वीर वायरल होते ही लोगों ने पूछना शुरू कर दिया कि आज यह पेसर खेलेगा या नहीं?
अश्विन ने लिए कम्बोज के मजे
सोशल मीडिया पर अचानक 'Policeman Kamboj' ट्रेंड कर रहा था। अश्विन भी इस ट्रेंड में कूद पड़े और उन्होंने कम्बोज के मजे ले लिए। अश्विन ने लिखा, 'ड्यूटी हमेशा सर्वोपरी है लेकिन करो या मरो वाले मुकाबले के दिन यह कुछ ज्यादा लग रहा है। यह दोपहर का मैच है। अंशुल कम्बोज, टैक्सी बुक करो और जल्द चेपॉक पहुंचो।'
यह भी पढ़ें: चेपॉक में CSK ने चुनी गेंदबाजी, दो बदलाव के साथ उतरी LSG
इससे पहले CSK ने ट्वीट कर फैंस की चिंता दूर की थी। CSK ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, 'चिंता की कोई बात नहीं है, अंशुल कम्बोज यहां हैं।' सोशल मीडिया पर ट्रेंड होने के बाद मैदान पर उतरे कम्बोज ने बेहतरीन गेंदबाजी की और CSK को पहली सफलता दिलाई।
यह भी पढ़ें: जयपुर में लगातार हार रही है राजस्थान रॉयल्स, IPL 2026 में डूबेगी नैया?
चेन्नई के लाडले बन गए हैं कम्बोज
हरियाणा के पेसर कम्बोज इस IPL सीजन में अपनी धारदार गेंदबाजी से छाए हुए हैं। उन्होंने 17 विकेट लेकर मौजूदा सीजन में CSK की जबरदस्त वापसी करवाई है। अब सोशल मीडिया पर वायरल होना, चेन्नई में उनकी बढ़ती लोकप्रियता को दिखाता है। कम्बोज रविवार को LSG के मिचेल मार्श का विकेट लेकर पर्पल कैप की रेस में कैगिसो रबाडा के साथ टॉप पर पहुंच गए हैं।