भारतीय टीम के युवा सलामी बल्लेबाज
वैभव सूर्यवंशी
के पास वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का सुनहरा मौका है। अगर उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज में प्लेइंग-XI में शामिल किया जाता है, तो वह भारत में इंटरनेशनल क्रिकेट मैच खेलने वाले किसी फुल मेंबर टीम के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन जाएंगे। वैभव इससे पहले भारत की ओर से इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी का रिकॉर्ड बना चुके हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में यह रिकॉर्ड बनाया था।
वैभव को मिलेगा मौका?
15 साल के वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड दौरे पर प्लेइंग-XI से बाहर रखा गया था।
संजू सैमसन
और अभिषेक शर्मा ने ओपनिंग की थी। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज के शुरुआती मैच में भी इसी जोड़ी ने पारी की शुरुआत की। दूसरे मैच में संजू को बाहर कर वैभव को मौका दिया गया। हालांकि वह इसका फायदा नहीं उठा पाए और 14 रन ही बना सके।
यह भी पढ़ें: कितने बजे से शुरू होगा IND vs AFG पहला टी20, मोबाइल पर कैसे दिखेगा? हर डिटेल
वैभव ने सीरीज के तीसरे मैच में 13, जबकि चौथे मुकाबले में 15 रन बनाए। इसके बाद उन्हें प्लेइंग-XI से ड्रॉप कर दिया गया। सीरीज के आखिरी मुकाबले में अभिषेक के साथ संजू ओपनिंग करने के लिए उतरे। संजू ने 258 रन के चेज में 14 गेंद में 27 रन बनाए। इसके बाद उन्हें जिम्बाब्वे दौरे पर नहीं भेजा गया। इस विकेटकीपर बल्लेबाज को आराम दिया गया, जिससे वैभव के लिए जगह बनी और उन्होंने इसका फायदा उठाते हुए 3 मैचों की टी20 सीरीज में 2 आतिशी अर्धशतकीय पारियां खेली। अब देखना होगा कि उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ मौका मिल पाता है या नहीं।
यह भी पढ़ें: टीम इंडिया का गेम बिगाड़ सकते हैं ये 5 अफगानी प्लेयर, फारूकी से भी है खतरा
श्रेयस-गंभीर के लिए मुश्किल होगा फैसला
अफगानिस्तान के खिलाफ वैभव और संजू में से कौन खेलेगा, यह फैसला कप्तान श्रेयस अय्यर और हेड कोच गौतम गंभीर लेंगे। वैभव को भविष्य का सितारा माना जा रहा है। वह अपने टैलेंट की बदौलत दुनिया की किसी भी टी20 टीम में जगह बना सकते हैं। दूसरी तरफ संजू टी20 वर्ल्ड कप में लगातार 3 अर्धशतकीय पारियां खेल टीम इंडिया को चैंपियन बना चुके हैं। उन्हें फिर से बेंच पर बिठाना भी बेमानी होगी। ऐसे में दोनों में से किसे खिलाया जाए, यह श्रेयस-गंभीर की जोड़ी के लिए बेहद मुश्किल भरा फैसला होने वाला है।