विजय हजारे ट्रॉफी (VHT) के नए सीजन की शुरुआत बुधवार (24 दिसंबर) से होने जा रही है। भारतीय घरेलू क्रिकेट का यह प्रीमियम लिस्ट-A टूर्नामेंट विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे सुपरस्टार्स की वापसी से सुर्खियों में है। कोहली-रोहित लंबे समय बाद विजय हजारे ट्रॉफी में उतरने जा रहे हैं। रोहित मुंबई के लिए, जबकि कोहली दिल्ली की टीम से खेलेंगे।
हर साल आयोजित होने वाला यह वनडे टूर्नामेंट 2007-08 से विजय हजारे ट्रॉफी के नाम से जाना जाता है। इसकी शुरुआत 1983 में अंडर-19 टूर्नामेंट के तौर पर हुई थी, जिसमें जोनल टीमें खेला करती थीं। 2002-03 सीजन में इसे नेशनल टूर्नामेंट का दर्ज दिया गया और नाम रखा गया रणजी वनडे कप, जो बाद में पूर्व भारतीय क्रिकेटर विजय हजारे के नाम पर विजय हजारे ट्रॉफी हो गया। जानिए VHT के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की टॉप-5 लिस्ट।
महाराष्ट्र के अंकित बावने VHT में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 89 पारियों में 56.47 की औसत से 4010 रन बनाए हैं। टूर्नामेंट में 3 हजार से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में अंकित बावने की औसत सबसे बहेतरीन है। बावने के नाम टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा शतक (15) लगाने का भी रिकॉर्ड है।
टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर दिनेश कार्तिक ने तमिलनाडु के लिए खेलते हुए VHT में 71 पारियों में 56.27 की औसत से 3433 रन बनाए। कार्तिक ने इस दौरान 9 शतक और 19 अर्धशतक जड़े।
मनीष पांडेय
कर्नाटक के मनीष पांडेय इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर हैं। मनीष ने VHT में 99 पारियों में 44.77 की औसत से 3403 रन बनाए हैं। वह VHT में सबसे ज्यादा छक्के (108) लगाने के मामले में नंबर-1 पर हैं। उन्होंने 2 शतक और 25 फिफ्टी ठोके हैं। रजत पालीवाल (26) के बाद वह टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं।
प्रियांक पांचाल
गुजरात के पूर्व ओपनर प्रियांक पांचाल ने VHT में 83 पारियों में 42.97 की औसत से 3395 रन बटोरे। इस दौरान उनके बल्ले से 8 शतक और 20 अर्धशतक निकले। प्रियांक ने अब भारतीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है।
Photo Credit: BCCI Domestic/X
मयंक अग्रवाल
भारतीय टीम से बाहर चल रहे सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल ने कर्नाटक के लिए खेलते हुए VHT में 71 पारियों में 52.12 की औसत से 3336 रन बनाए हैं। मयंक के नाम टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा चौके (392) लगाने का रिकॉर्ड है। वह शतक लगाने के मामले में भी संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं।