महिला बिग बैश लीग (WBBL) 2026 में क्रिकेट के इतिहास का सबसे अजीबोगरीब विकेट देखने को मिला है। यहां मेलबर्न रेनेगेड्स और ब्रिसबेन हीट के मुकाबले में डिएंड्रा डॉटिन फ्री बॉल पर आउट हुईं। इस दौरान गेंदबाजी ब्रिसबेन हीट की तरफ से सारा ग्लेन कर रही थीं। मुकाबला मेलबर्न के जंक्शन ओवर स्टेडियम में खेला जा रहा था।
बता दें कि WBBL और BBL के नियमों के अनुसार, अगर विकेट गिरने के बाद अगला बल्लेबाज 75 सेकेंड के अंदर क्रीज पर पहुंचना जरूरी है। डॉटिन के साथ भी कुछ ऐसा देखने को मिला। वह तय समय पर क्रीज पर नहीं पहुंच पाईं। जिसके बाद विपक्षी टीम को उन्हें फ्री बॉल पर आउट करने का मौका दिया गया। लीग में यह नियम लागू होने के बाद पहली बार इसका इस्तेमाल किया गया है।
क्या है फ्री बॉल का नियम?
बिग बैश लीग (BBL) और वुमेंस बिग बैश लीग (WBBL) में यह नियम 2021-2022 में लागू हुआ था। यह नियम समय बचाने के लिए लाया गया था। बता दें कि यह पुराने 'टाइम्ड आउट' के नियम को संशोधित कर बनाया गया है। नियम के अनुसार, किसी बल्लेबाज के आउट होने या रिटायर होने के बाद नए बल्लेबाज को 75 सेकंड के अंदर अगली गेंद खेलने के लिए तैयार होना होगा। अगर वह तय समय में क्रीज पर नहीं पहुंचता है। फिर उसे अपनी पहली गेंद के दौरान पिच के लेग-साइड में कम से कम 5 मीटर दूर खड़ा रहना होगा।
इस दौरान गेंदबाज को खाली स्टंप्स पर गेंद डालने का मौका मिलेगा। अगर गेंद सीधे स्टंप्स पर लगती है तो नया बल्लेबाज बिना गेंद खेले ही बोल्ड आउट हो जाएगा। वहीं अगर गेंद स्टंप्स से चूक जाती है तो उसे डॉट बॉल माना जाएगा। इसके बाद खेल सामान्य तरीके से शुरू होगा।
यह भी पढ़ें: युवी से आधे घंटे की बात और रचा इतिहास, वैभव सूर्यवंशी को ऐसे क्या टिप्स मिले?
मेलबर्न की टीम जीती मैच
हालांकि, यह मुकाबला मेलबर्न की टीम ने आखिरी गेंद पर 3 विकेट से जीत लिया। ब्रिसबेन की टीम ने अपनी 20 ओवर की बल्लेबाजी में 8 विकेट के नुकसान पर 137 रन बनाए थे। वहीं मेलबर्न रेनेगेड्स की टीम ने 7 विकेट खोकर यह लक्ष्य हासिल कर लिया। इस मुकाबले की प्लेयर ऑफ द मैच रेनेगेड्स की कप्तान सोफी मोलिन्यू रहीं।