भारत के सबसे बड़े सेलिब्रिटी और 27.4 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स वाले विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट अचानक सर्च से गायब हो गया। जैसे ही फैंस ने उनका पेज खोलने की कोशिश की, वहां 'This page isn't available' का मैसेज आने लगा। देखते ही देखते सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया और लोग परेशान होकर एक-दूसरे से सवाल पूछने लगे कि आखिर 'किंग कोहली' का अकाउंट गया कहां?
काफी देर तक चले सस्पेंस और सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आने के बाद, अब विराट का अकाउंट वापस आ गया। राहत की बात यह है कि अब उनका प्रोफाइल पहले की तरह ही दिखाई दे रहा है। हालांकि, इस पूरे मामले पर न तो खुद विराट कोहली की तरफ से कोई बयान आया है और न ही 'मेटा' ने कोई जानकारी दी है। खैर अभी तक यह साफ नहीं है कि यह कोई तकनीकी खराबी थी या अकाउंट को जानबूझकर कुछ समय के लिए हटाया गया था।
यह भी पढ़ें: कौन हैं पाकिस्तान के ख्वाजा नफे, जिनकी अश्विन के ट्वीट के बाद हो रही है चर्चा?
अनुष्का से पूछे गए सवाल
ताज्जुब की बात यह रही कि जिस वक्त विराट का अकाउंट गायब था, उसी दौरान उनके भाई विकास कोहली का इंस्टाग्राम प्रोफाइल भी नहीं मिल रहा था। इससे लोगों को लगा कि मामला कुछ बड़ा हो सकता है। जब फैंस को कहीं से जानकारी नहीं मिली, तो उन्होंने अनुष्का शर्मा के इंस्टाग्राम पोस्ट पर जाकर कमेंट्स की झड़ी लगा दी। लोग मजाकिया और परेशान लहजे में अनुष्का से पूछने लगे कि 'पाजी का अकाउंट कहां गया?' हालांकि, हमेशा की तरह अनुष्का ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
क्या हो सकती है वजह?
विराट का अकाउंट अचानक बंद होने को लेकर इंटरनेट पर तरह-तरह की बातें हो रही हैं। कुछ लोग इसे हैकिंग से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ का मानना है कि विराट अपनी फैमिली के साथ क्वालिटी टाइम बिताने के लिए प्राइवेसी चाहते हैं, इसलिए उन्होंने खुद ही अकाउंट बंद किया है। हालांकि, किसी भी दावे पर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

फॉर्म में हैं 'किंग कोहली'
सोशल मीडिया से दूरी बनाने वाले विराट क्रिकेट के मैदान पर जबरदस्त प्रदर्शन कर रहे हैं। हाल ही में 18 जनवरी को इंदौर में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे मैच में उन्होंने तूफानी पारी खेलते हुए मात्र 108 गेंदों पर 124 रन जड़े थे। हालांकि, उनके इस शानदार शतक के बाद भी भारतीय टीम वह मैच नहीं जीत पाई थी।
यह भी पढ़ें: फॉर्म में लौटी RCB, UP वॉरियर्स को 8 विकेट से पीटकर फाइनल में ली डायरेक्ट एंट्री
अब कब दिखेंगे विराट?
न्यूजीलैंड सीरीज खत्म होने के बाद विराट कोहली अब लंबे ब्रेक पर रहेंगे। फैंस को उन्हें दोबारा इंटरनेशनल क्रिकेट में देखने के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा। विराट अब सीधे 14 जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाली सीरीज के जरिए मैदान पर वापसी करेंगे। तब तक उनका सोशल मीडिया अकाउंट वापस आता है या नहीं, इस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।