logo

ट्रेंडिंग:

कौन हैं पाकिस्तान के ख्वाजा नफे, जिनकी अश्विन के ट्वीट के बाद हो रही है चर्चा?

पाकिस्तान के ख्वाजा मोहम्मद नफे को लेकर दिग्गज भारतीय स्पिनर आर अश्विन ने ट्वीट किया है, जिससे यह 23 साल का विकेटकीपर बल्लेबाज सुर्खियों में आ गया है।

Khawaja Nafay Pakistan

ख्वाजा नफे, Photo Credit: Social Media

शेयर करें

संबंधित खबरें

Advertisement
Budget2

पाकिस्तान ने रविवार (25 जनवरी) को जब अपने टी20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड की घोषणा की तो हर तरफ बाबर आजम के सेलेक्शन और हारिस रऊफ को बाहर किए जाने की चर्चा हो रही थी। ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) में शर्मनाक प्रदर्शन के बावजूद बाबर आजम को टी20 टीम में चुने जाने पर सवाल खड़े किए जा रहे थे। वहीं BBL में कातिलाना गेंदबाजी करने वाले हारिस रऊफ को ड्रॉप करने पर सेलेक्टर्स की आलोचना हो रही थी। इस बीच अचानक ख्वाजा मोहम्मद नफे सुर्खियों में आ गए।

 

दरअसल, पाकिस्तान के स्क्वॉड के ऐलान के बाद भारतीय टीम के दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने ख्वाजा नफे को लेकर ट्वीट किया था। अश्विन ने बाकी टीमों को सावधान करते हुए लिखा था कि केएम नफे उन खिलाड़ियों में से हैं जिन पर इस वर्ल्ड कप में नजर रखनी चाहिए। साउथ अफ्रीका के स्पिनर तबरेज शम्सी ने भी ख्वाजा नफे को लेकर पोस्ट किया और उन्हें सरप्राइज पैकेज बताया।

 

यह भी पढ़ें: नकवी की गीदड़भभकी से उठा पर्दा, टी20 वर्ल्ड कप खेले बिना नहीं रह सकता पाकिस्तान

पाकिस्तान के लिए खेला है 1 मैच

ख्वाजा नफे ने इसी महीने पाकिस्तान के लिए डेब्यू किया था। श्रीलंका के खिलाफ टी20 मुकाबले से अपने इंटरनेशन करियर की शुरुआत करते हुए 23 साल के विकेटकीपर बल्लेबाज ने 15 गेंद में 26 रन बनाए थे। बारिश के कारण यह मुकाबला 12-12 ओवर का हो रहा था। ख्वाजा नफे को पाकिस्तान के टी20 वर्ल्ड कप में दूसरे विकेट विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर शामिल किया गया है। उनके आंकड़े देखेंगे तो आपको ऐसा कुछ नहीं स्पेशल नहीं दिखेगा, जिससे लगे कि इस वजह से अश्विन और शम्सी ने उनकी तारीफ की है। असल में इस युवा बल्लेबाज ने अपनी हालिया फॉर्म से सबका ध्यान खींचा है।

 

यह भी पढ़ें: जिस यूक्रेन की खिलाड़ी ने नहीं मिलाया हाथ, उसे सबालेंका ने किया बाहर

टी10 में उड़ाया गर्दा

ख्वाजा नफे हाल ही में अबू धाबी टी10 लीग में खेल रहे थे, जिसमें क्वेटा कैवेलरी के लिए उन्होंने 8 पारियों में 242.46 के स्ट्राइक रेट से 177 रन ठोके। इस लीग में 100 से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में उनका स्ट्राइक रेट तीसरा सबसे बेहतर था। इस मामले में वह निकोलस पूरन, टिम सॉल्ट और शरफेन रदरफोर्ड से भी आगे थे। इसके बाद उन्हें श्रीलंका दौरे के लिए पाकिस्तान की टीम में चुना गया था।

 

उन्होंने पिछले साल स्किल्स डेवलपमेंट कैंप में दिग्गज ऑलराउंडर अब्दुल रज्जाक की देखरेख में स्पिनरों के खिलाफ छक्के लगाने की क्षमता पर काम किया था। ख्वाजा नफे बताते हैं कि वह दिन में 800 गेंद खेलते थे।

बांग्लादेश में किया प्रोफेशनल डेब्यू

दाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज ख्वाजा नफे ने अपना प्रोफेशनल डेब्यू पाकिस्तान में नहीं बल्कि बांग्लादेश प्रीमियर लीग 2023 में किया था। 2024 के अंत में उन्होंने पाकिस्तान के घरेलू क्रिकेट में अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की। ख्वाजा नफे ने क्वेटा रीजन के लिए फर्स्ट क्लास, जबकि ईशाल के लिए लिस्ट-ए डेब्यू किया। इसके बाद उन्हें पाकिस्तान सुपर लीग की फ्रेंचाइजी क्वेटा ग्लैडिएटर्स ने अपने साथ जोड़ा।

 

ख्वाजा नफे ने जब लाहौर कलंदर्स के खिलाफ 31 गेंद में नाबाद 60 रन की मैच जिताऊ पारी खेली, तब क्वेटा ग्लैडिएटर्स के कप्तान सरफराज खान ने खुलासा किया था कि फेसबुक पर उनका वीडियो देखने के बाद ट्रायल्स के लिए बुलाया गया था।

कैसे हैं आंकड़े?

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में ख्वाजा नफे ने अब तक 5 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 143 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक भी निकला है। वहीं 2 लिस्ट-ए मैचों में उनके नाम सिर्फ 6 रन है। टी20 क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने 33 मैचों में 133.95 के स्ट्राइक रेट से 714 रन बनाए हैं। वह टी20 में 54 चौके और 39 छक्के लगा चुके हैं।


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap