बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) को नया अध्यक्ष मिला है। 24 साल के हर्षवर्धन BCA के नए अध्यक्ष बने हैं। यानी अब वह बिहार क्रिकेट को चलाएंगे। पटना में 29 सितंबर को हुए BCA के चुनाव में हर्षवर्धन को अध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध चुना गया। इस चुनाव की देखरेख एम. मोदासिर (रिटायर्ड IAS) कर रहे थे।
कैसे BCA अध्यक्ष की कुर्सी तक पहुंचे हर्षवर्धन?
हर्षवर्धन BCA के इतिहास के सबसे युवा अध्यक्ष हैं। इतनी कम उम्र में कोई भी BCA अध्यक्ष की कुर्सी तक नहीं पहुंचा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि हर्षवर्धन में ऐसी क्या खासियत है कि उन्हें इस पद की जिम्मेदारी दी गई। तो आपको बता दें कि हर्षवर्धन BCA के पूर्व अध्यक्ष राकेश तिवारी के बेटे हैं। वही राकेश तिवारी, जिन पर हाल ही में बिहार क्रिकेट में भ्रष्टाचार करने का आरोप लगा था। राकेश तिवारी के खिलाफ पटना में पोस्टर लगाए गए थे। इससे पहले BCA के पूर्व सचिव संजय कुमार ने आरोप लगाए थे कि राकेश तिवारी ने निजी लाभ के लिए बाहरी राज्यों के खिलाड़ियों को बिहार की टीम में मौका दे रहे हैं।
लगातार लग रहे संगीन आरोपों के बाद राकेश तिवारी ने अध्यक्ष पद छोड़ अपने बेटे हर्षवर्धन को इस पद पर बैठाया है। अध्यक्ष बनने के बाद हर्षवर्धन ने कहा, 'बिहार क्रिकेट एसोसिएशन का सबसे युवा अध्यक्ष होना गर्व की बात है। साथ ही यह बड़ी जिम्मेदारी भी है। मैं क्रिकेट प्रशासकों की नई पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करता हूं। अपनी टीम के साथ मिलकर हम बिहार क्रिकेट को अगले स्तर तक ले जाने के लिए अथक प्रयास करेंगे।'
यह भी पढ़ें: 'मेरी ट्रॉफी, मेरी मर्जी', मोहसिन नकवी ने ऐसा क्यों किया?
पूरी कार्यकारिणी निर्विरोध चुनी गई
BCA के चुनाव में राकेश तिवारी के बेटे के साथ पूरी कार्यकारिणी निर्विरोध चुनी गई। जियाउल आरफीन को सचिव बनाया गया, जबकि उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी प्रिया कुमारी को मिली है। कोषाध्यक्ष के पद पर अभिषेक नंदन को चुना गया है। वहीं संयुक्त सचिव रोहित कुमार बने हैं।
यह भी पढ़ें: 55 मिनट तक छिपती रही PAK टीम, बाहर आई तो लगे 'India-India' के नारे
BCA ने एक बयान में कहा, 'बिहार क्रिकेट के सभी हित धारकों की ओर से दिखाए गए विश्वास और समर्थन से हम अभिभूत हैं। हमारी सामूहिक प्राथमिकता जमीनी स्तर पर क्रिकेट को मजबूत करना, मजबूत बुनियादी ढांचा बनाना और राज्य भर में युवा और महत्वाकांक्षी क्रिकेटरों के लिए अधिक अवसर पैदा करना होगा। हम सब मिलकर बिहार क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।'
BCA की नई कार्यकारिणी
अध्यक्ष - हर्षवर्धन
उपाध्यक्ष - प्रिया कुमारी
सचिव - जियाउल आरफीन
कोषाध्यक्ष - अभिषेक नंदन
संयुक्त सचिव - रोहित कुमार