भारत के स्टार पैरा एथलीट और दो बार के पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट सुमित अंतिल ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। सुमित ने बेंगलुरु में आयोजित इंडियन ओपन इंटरनेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में पुरुषों की F64 जेवलिन थ्रो स्पर्धा में नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने 74.82 मीटर दूर भाला फेंककर अपना ही पुराना विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया। उनके इस नए रिकॉर्ड की चर्चा पूरे खेल जगत में हैं। देशभर से उन्हें बधाई मिल रही है।
सुमित अंतिल ने इससे पहले 2023 एशियन पैरा गेम्स में 73.29 मीटर का विश्व रिकॉर्ड बनाया था। अब उन्होंने अपने ही रिकॉर्ड में बड़ा सुधार करते हुए नया रिकॉर्ड बना दिया है। इस शानदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह दुनिया के सबसे बेहतरीन पैरा जेवलिन खिलाड़ियों में शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: 'बहुत बड़ी जीत नहीं है', मैगनस कार्लसन को हराकर ऐसा क्यों बोले आर प्रज्ञानंद?
बेंगलुरु में दिखाया दम
बेंगलुरु में आयोजित 8वीं इंडियन ओपन इंटरनेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सुमित अंतिल शुरुआत से ही शानदार लय में नजर आए। उन्होंने मुकाबले के दौरान 74.82 मीटर का थ्रो किया, जिसे कोई दूसरा खिलाड़ी पार नहीं कर सका। हरियाणा के रहने वाले सुमित ने इस मुकाबले में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसके अलावा महाराष्ट्र के संदीप सरगर ने 62.88 मीटर के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि राजस्थान के संदीप ने 61.83 मीटर थ्रो कर ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
क्या बोले सुमित अंतिल?
रिकॉर्ड बनाने के बाद सुमित अंतिल ने कहा कि वह पिछले तीन साल से इस पल का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह रिकॉर्ड काफी पहले टूट जाना चाहिए था लेकिन अब इसे हासिल करके उन्हें बेहद खुशी हो रही है। सुमित ने कहा कि वह अभी और बेहतर प्रदर्शन करना चाहते हैं और आने वाले एशियन पैरा गेम्स में इससे भी बड़ी दूरी तक भाला फेंकने का लक्ष्य रख रहे हैं।
सुमित ने इस रिकॉर्ड को बनाने में आई जिक्र करते हुए बताया कि इस रिकॉर्ड के लिए उन्होंने अपनी तकनीक और रन-अप में कई बड़े बदलाव किए थे। उन्होंने कहा कि पहले वह अपने रन-अप से पूरी ताकत नहीं निकाल पा रहे थे लेकिन अब नई तकनीक की मदद से वह बेहतर तरीके से ताकत का इस्तेमाल कर पा रहे हैं।
सुमित अंतिल का शानदार सफर
27 वर्षीय सुमित अंतिल हरियाणा के सोनीपत जिले से आते हैं और पिछले कुछ सालों में उन्होंने भारतीय पैरा एथलेटिक्स को नई पहचान दिलाई है। उन्होंने टोक्यो पैरालंपिक 2020 और पेरिस पैरालंपिक 2024 में गोल्ड मेडल जीते थे। खास बात यह रही कि दोनों बार उन्होंने पैरालंपिक रिकॉर्ड भी बनाया। सुमित अंतिल तीन बार के विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियन भी रह चुके हैं। उन्होंने 2023, 2024 और 2025 विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर भारत का नाम रोशन किया।
सुमित की रोचक कहानी
सुमित अंतिल की कहानी संघर्ष और मेहनत की मिसाल मानी जाती है। वह पहले पहलवान बनना चाहते थे और भारतीय सेना में जाने का सपना देखते थे लेकिन 2015 में एक सड़क दुर्घटना में उनका बायां पैर काटना पड़ा। इसके बाद उन्होंने पैरा एथलेटिक्स में करियर शुरू किया और धीरे-धीरे दुनिया के सबसे बड़े खिलाड़ियों में शामिल हो गए।
एक्सपर्ट्स का मानना है कि सुमित अंतिल का यह वर्ल्ड रिकॉर्ड भारतीय पैरा खेलों के लिए बड़ी उपलब्धि है। पिछले कुछ सालों में भारत ने पैरालंपिक खेलों में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है और सुमित अंतिल इस सफलता के सबसे बड़े चेहरों में शामिल हैं। बेंगलुरु में चल रही यह चैंपियनशिप 28 मई तक आयोजित की जा रही है, जिसमें भारत समेत कई देशों के पैरा एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। इसे आने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।