टीम इंडिया ने महिला एशिया कप 2026 में अजेय हरते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। हरमनप्रीत कौर ब्रिगेड ने पहले थाईलैंड और हॉन्ग कॉन्ग को आसानी से मात दी। इसके बाद चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 55 रन पर ढेर कर 7 विकेट से रौंद दिया। अब भारतीय टीम 10 सितंबर को सेमीफाइनल मुकाबला खेलने उतरेगी, जहां उसके सामने बांग्लादेश की चुनौती होगी।
बांग्लादेश ने ग्रुप-B में दूसरे स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया है। उसने इंडोनेशिया को हराकर विजयी आगाज किया था लेकिन अगले ही मुकाबले में उसे श्रीलंका ने 4 विकेट से शिकस्त दे दी। बांग्लादेशी टीम ने इसके बाद संयुक्त अरब अमीरात को 34 रन से हराकर अंतिम-4 में प्रवेश किया। पहले सेमीफाइनल में वह भारत से भिड़ेगी, जबकि दूसरा सेमीफाइनल 11 सितंबर को श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा।
यह भी पढ़ें: भारतीय पैरा तीरंदाजों का धमाल, वर्ल्ड सीरीज में 2 गोल्ड समेत 5 मेडल जीते
महिला एशिया कप सेमीफाइनल शेड्यूल
- पहला सेमीफाइनल - भारत बनाम बांग्लादेश, 10 सितंबर, दुबई
- दूसरा सेमीफाइनल - पाकिस्तान बनाम श्रीलंका, 11 सितंबर, दुबई
बांग्लादेश के खिलाफ भारत का टी20 रिकॉर्ड कैसा है?
महिला टी20 क्रिकेट में भारत और बांग्लादेश के बीच अब तक 24 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें टीम इंडिया 21-3 से आगे हैं। दोनों टीमें इस फॉर्मेट में आखिरी बार इस साल जून में टी20 वर्ल्ड कप के दौरान मैनचेस्टर में आमने-सामने हुई थीं। भारतीय टीम ने वह मुकाबला 5 विकेट से अपने नाम किया था। टीम इंडिया पिछले 8 टी20 मुकाबलों में बांग्लादेश के सामने अजेय रही है।
बांग्लादेशी टीम ने टी20 में भारत को आखिरी बार 2023 में हराया था। यह मुकाबला मीरपुर में खेला गया था, जो 3 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मैच था। भारतीय टीम पहले ही सीरीज जीत चुकी थी। वह तीसरे टी20 में 102 रन ही बना पाई, जिसे बांग्लादेश ने 18.2 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
यह भी पढ़ें: Duleep Trophy Final: 6 साल पहले के ईशान किशन में अब क्या अंतर है?
महिला एशिया कप के लिए भारतीय टीम
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफाली वर्मा, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), गुनालन कमलिनि (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, प्रेमा रावत, राधा यादव, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, प्रतिका रावल